Friday, July 17, 2026

रांची में पहली बार तीन दिवसीय इस्कॉन रथयात्रा महोत्सव, 19 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य शोभायात्रा.

Share

रांची: राजधानी के कांके रोड स्थित इस्कॉन मंदिर पहली बार तीन दिवसीय भगवान जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का आयोजन करने जा रहा है। इस संबंध में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में इस्कॉन के जनरल मैनेजर मधुसूदन मुकुंद दास ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि 19 जुलाई को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी।

सुबह होगी विशेष पूजा-अर्चना

महोत्सव की शुरुआत 19 जुलाई की सुबह मंगल आरती से होगी। इसके बाद भगवान को विधि-विधान के साथ रथ पर विराजमान कराया जाएगा। इस अवसर पर 56 प्रकार के भोग अर्पित किए जाएंगे। रथ की विशेष आरती के साथ पवित्र और सुगंधित जल का छिड़काव भी किया जाएगा।

कांके रोड से निकलेगी रथयात्रा

सुबह करीब 10:30 बजे श्रद्धालु पारंपरिक तरीके से रथ की रस्सी खींचेंगे। शोभायात्रा इस्कॉन मंदिर से प्रारंभ होकर लेक व्यू रोड, कांके रोड और बसंत विहार होते हुए निर्धारित स्थल तक पहुंचेगी। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

कई गणमान्य अतिथि होंगे शामिल

रथयात्रा महोत्सव में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, कांके विधायक सुरेश बैठा, रांची नगर निगम के उपमहापौर नीरज कुमार, टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो सहित कई सामाजिक एवं धार्मिक हस्तियां शामिल होंगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और हरिनाम संकीर्तन होंगे आकर्षण

आयोजन के दौरान रथ का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। इसके साथ ही इस्कॉन यूथ फोरम, गर्ल्स फोरम और प्रह्लाद स्कूल के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं नाट्य मंचन किया जाएगा। भक्तों द्वारा हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण भी किया जाएगा।

अन्य स्थानों पर भी होंगे आयोजन

तीन दिवसीय उत्सव के तहत 20 जुलाई को नामकुम स्थित जीडी गोयनका स्कूल में विद्यार्थियों के बीच विशेष रथयात्रा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं 23 जुलाई को मनातू स्थित सेंट्रल यूनिवर्सिटी परिसर में भी भगवान जगन्नाथ रथयात्रा उत्सव मनाया जाएगा।

Read more

Local News