Wednesday, September 23, 2026

रांची में नशाखुरानी गिरोह का शिकार एक बस यात्री हुआ है. बेहोशी की हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Share

रांचीः नशाखुरानी गिरोह के द्वारा एक बस यात्री को शिकार बनाया गया है. पटना से रांची आने के दौरान बस यात्री को गिरोह ने अपना शिकार बनाया और उनके बैग में रखे लाखों रुपये और कीमती सामान ले उड़े.

पटना से रांची आने वाली चंद्रलोक बस में रिंकू सोनी नाम का एक यात्री बेहोशी के हालत में पुलिस को मिला है. होश में आने के बाद रिंकू सोनी ने पुलिस बताया कि वे पटना से रांची के लिए पौने तीन लाख रुपये लेकर निकले थे. पास में बैठे यात्री ने रात के समय उन्हें कुछ खाने को दिया था, जिसके बाद वह अचेत हो गए. बस में जब उन्हें होश आया तो उन्होंने देखा कि उनके बैग में रखे पैसे, उनकी सोने की चेन और पर्स सब कुछ गायब था.

पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल भेजा

नशाखुरानी गिरोह का शिकार रिंकू सोनी स्क्रैप का व्यापार करते हैं. अपने काम के सिलसिले में ही वे धनबाद से पटना गए हुए थे. रिंकू को पटना से धनबाद ही जाना था, लेकिन पटना बस स्टैंड पर ही नशाखुरानी गिरोह के अपराधियों ने उन्हें झांसे में लेकर रांची जाने वाली बस में बिठा दिया. फिर उन्हें लूट कर आरोपी फरार हो गए.

दरअसल जो जानकारी अब तक मिली है उसके अनुसार दो लोग रिंकू के साथ बस पर सवार हुए थे. वे दोनों हजारीबाग में ही उतर गए, जबकि रिंकू रांची पहुंच गए. जब काफी देर तक वे नहीं उठे तो बस के कर्मियों के द्वारा पुलिस को सूचना दी गई. जिसके बाद बस कर्मियों की मदद से रिंकू को रांची के सदर अस्पताल में इलाज के लिए एडमिट कराया गया.

रिंकू सोनी के रांची में रहने वाले एक परिजन को मामले की जानकारी दी गई. जिसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे. रिंकू सोनी के स्वस्थ होने के बाद रांची पुलिस की टीम उनसे पूछताछ करेगी. जिसके बाद अपराधियों की धर-पकड़ के लिए प्रयास किए जाएंगे.

Nashakhurani Gang In Ranchi

Read more

Local News