Tuesday, April 28, 2026

रांची में तबीयत बिगड़ने के बाद वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर अस्पताल में भर्ती हैं.

Share

रांचीः झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रांची के एचबी रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

जानकारी के अनुसार, मंत्री हाल ही में पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के सिलसिले में गए थे. वहां से लौटने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लाया गया है.

Finance Minister Radhakrishna Kishore Admitted to Hospital After Health Deteriorates in Ranchi

बताया गया कि राधाकृष्ण किशोर रविवार को पश्चिम बंगाल से मेदिनीनगर (पलामू) पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी तबीयत खराब होने की सूचना सामने आई. सोमवार शाम वे पलामू से रांची लौटे लेकिन रात में उनकी स्थिति और बिगड़ गई. इसके बाद मंगलवार सुबह उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है.

फिलहाल उनके स्वास्थ्य को लेकर कोई आधिकारिक ताजा बुलेटिन जारी नहीं किया गया है. लेकिन आवश्यक मेडिकल जांच कराई जा रही हैं ताकि बीमारी के कारणों का पता लगाया जा सके और समुचित उपचार सुनिश्चित हो सके.

सीएम पहुंचे अस्पताल

वित्त मंत्री के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी अस्पताल पहुंचे. मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से मंत्री की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. इस दौरान उन्होंने मंत्री के परिजनों से भी मुलाकात की. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मंत्री के इलाज को लेकर पूरी तरह गंभीर है और उन्हें बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है.

विपक्ष के कई नेता भी पहुंचे अस्पताल

इधर, वित्त मंत्री के अस्वस्थ होने की खबर मिलते ही भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू भी अन्य नेताओं के साथ अस्पताल पहुंचे. उन्होंने मंत्री का हालचाल जाना और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली. आदित्य साहू ने कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर मानवीय संवेदनाएं सबसे महत्वपूर्ण होती हैं और सभी लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं.

इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी अस्पताल में मौजूद रहे, जिनमें विधायक सीपी सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष सह प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, मीडिया सह प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह और अशोक बड़ाईक शामिल हैं. सभी नेताओं ने मंत्री के स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.

अस्पताल प्रबंधक के मुताबिक, डॉक्टरों की एक विशेष टीम मंत्री के स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है और हर जरूरी जांच की जा रही है. अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीज को बेहतर देखभाल दी जा रही है और उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.

बता दें कि राज्य के वित्त मंत्री के अस्वस्थ होने की खबर से राजनीतिक गलियारों में चिंता का माहौल है. विभिन्न दलों के नेता, कार्यकर्ता और शुभचिंतक लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं. यह घटनाक्रम राज्य की राजनीति में मानवीय पक्ष को भी उजागर करता है, जहां अलग-अलग दलों के नेता एक साथ आकर स्वास्थ्य जैसे मुद्दे पर एकजुट नजर आ रहे हैं.

Read more

Local News