Thursday, July 16, 2026

रांची में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की सख्ती, एक दिन में 2,510 चालान जारी.

Share

रांची: राजधानी रांची में यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर बुधवार को शहर के सभी ट्रैफिक थाना क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। ट्रैफिक एसपी के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर दोपहिया, चारपहिया, ऑटो और टोटो समेत अन्य वाहनों की जांच की गई।

अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 2,510 चालान जारी किए गए। इनमें सबसे अधिक मामले नो-पार्किंग और सड़क पर गलत तरीके से वाहन खड़ा करने से जुड़े रहे। इस श्रेणी में अकेले 1,721 चालान काटे गए।

इसके अलावा बिना हेलमेट दोपहिया चलाने के 401, रेड लाइट का उल्लंघन करने के 102, नो-एंट्री क्षेत्र में प्रवेश करने के 68, ओवरस्पीडिंग के 40 तथा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने के 29 मामलों में भी चालान जारी किए गए।

पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई से 15 जुलाई के बीच रांची शहर में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर कुल 63,047 चालान काटे जा चुके हैं। इससे स्पष्ट है कि यातायात नियमों के पालन को लेकर लगातार सख्ती बरती जा रही है।

रांची ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। साथ ही वाहन चलाते समय ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र, बीमा और अन्य आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें, ताकि अनावश्यक कार्रवाई से बचा जा सके।

Read more

Local News