रांची। खेलो इंडिया अस्मिता ट्रैक साइकिलिंग स्टेट लीग-2026 का दो दिवसीय आयोजन रविवार को रांची के खेलगांव स्थित सिदो-कान्हू वेलोड्रोम स्टेडियम में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में झारखंड के 15 जिलों से बालिका और महिला साइकिलिस्टों ने विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड साइकिलिंग संघ ने भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (CFI) के मार्गदर्शन में किया।
पदक विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
समापन समारोह में झारखंड ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष शुभेंदु दुबे, झारखंड रोइंग संघ के अध्यक्ष सुरेश कुमार और झारखंड वुशु संघ के अध्यक्ष चंचल भट्टाचार्य शामिल हुए।
अतिथियों ने अलग-अलग ट्रैक स्पर्धाओं में पदक जीतने वाली खिलाड़ियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर शुभेंदु दुबे ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों में खेल प्रतिभा के साथ अनुशासन और आगे बढ़ने की इच्छाशक्ति की भी सराहना की।
दूसरे दिन इन खिलाड़ियों ने जीते पदक
प्रतियोगिता के अंतिम दिन कई स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
वूमेन जूनियर कैरिन में निकिता सोरेंग ने स्वर्ण पदक हासिल किया। सीमा उरांव को रजत और अनीता उरांव को कांस्य पदक मिला।
वूमेन एलीट कैरिन में सबीना कुमारी ने पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण जीता। सिंधु लता हेंब्रम ने रजत जबकि श्वेता कुमारी ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
वूमेन जूनियर इंडिविजुअल परस्यूट में शीला बांरा स्वर्ण पदक विजेता बनीं। मरियम हेंब्रम ने रजत और बुदनी समर ने कांस्य पदक हासिल किया।
वहीं वूमेन एलीट स्क्रैच रेस में सिंधु लता हेंब्रम ने स्वर्ण, श्वेता कुमारी ने रजत और पुष्प कुमारी ने कांस्य पदक जीता।
आयोजन में संघ के पदाधिकारी रहे मौजूद
समापन कार्यक्रम में झारखंड साइकिलिंग संघ के महासचिव शैलेंद्र पाठक, कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह सहित संघ के अन्य पदाधिकारी, तकनीकी अधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता को सफल बनाने में तकनीकी टीम, अधिकारियों और आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दो दिवसीय प्रतियोगिता ने राज्य की महिला और बालिका साइकिलिस्टों को प्रतिस्पर्धी माहौल में अपनी क्षमता दिखाने का अवसर दिया।
