सिमडेगा: मेजर ध्यानचंद सीनियर हॉकी चैंपियनशिप के समापन अवसर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया गया। समारोह में विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं, अलग-अलग व्यक्तिगत श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
समापन कार्यक्रम में सिमडेगा के एसडीएम सुमन तिर्की और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुशीला लकड़ा ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए।
अनुप्रिया और फ्लैबियस बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
महिला वर्ग में STC सिमडेगा की अनुप्रिया एक्का को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। पुरुष वर्ग में यह सम्मान लिटिल टाइगर के फ्लैबियस तिर्की को मिला।
दोनों खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में प्रभावशाली प्रदर्शन किया और अपनी टीम के लिए अहम भूमिका निभाई।
इमर्जिंग प्लेयर का पुरस्कार
उभरती प्रतिभाओं में महिला वर्ग से रितिका डुंगडुंग और पुरुष वर्ग से धनेश्वर मांझी को इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार दिया गया।
बेस्ट गोलकीपर
गोलकीपिंग में शानदार प्रदर्शन के लिए महिला वर्ग में रश्मि समद और पुरुष वर्ग में अरुण सोय को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया।
बेस्ट डिफेंडर
डिफेंस में बेहतरीन खेल दिखाने वाली महिला खिलाड़ी सीता कुमारी रहीं, जबकि पुरुष वर्ग में विनय कुजूर को बेस्ट डिफेंडर का अवॉर्ड मिला।
बेस्ट मिडफील्डर
मिडफील्ड में प्रभावी प्रदर्शन के लिए महिला वर्ग में सबीना टोपनो और पुरुष वर्ग में सुमित बरवा को सम्मानित किया गया।
बेस्ट फॉरवर्ड
अटैकिंग खेल में बेहतर प्रदर्शन करने वाली महिला खिलाड़ी राजमनी कुमारी और पुरुष खिलाड़ी सुमन सोरेंग को बेस्ट फॉरवर्ड का पुरस्कार मिला।
इन टीमों को मिला इमर्जिंग टीम का सम्मान
महिला वर्ग में लोंबोई को इमर्जिंग टीम ऑफ द चैंपियनशिप का सम्मान दिया गया। पुरुष वर्ग में यह पुरस्कार केवीएस ‘A’ की टीम को मिला।
टीमों को भी दी गई ट्रॉफी
प्रतियोगिता के पुरुष और महिला दोनों वर्गों में शीर्ष तीन स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को पुरस्कार और ट्रॉफी दी गई। इसके साथ ही टूर्नामेंट के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले तकनीकी अधिकारियों, मेडिकल टीम, पुलिसकर्मियों और मीडिया टीम के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।
आयोजन समिति ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों को अंगवस्त्र और पौधे भेंट कर सम्मानित किया। इस तरह समापन समारोह में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथ आयोजन से जुड़े सहयोगियों का भी उत्साहवर्धन किया गया।
