Thursday, May 28, 2026

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पंचायती राज एवं ग्रामीण कार्य विभाग के कामकाज की समीक्षा की.

Share

रांची: सरकार के कामकाज की समीक्षा करने में जुटे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को पंचायती राज्य एवं ग्रामीण कार्य विभाग की समीक्षा की. झारखंड मंत्रालय में आयोजित इस बैठक में राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव मनोज कुमार, निदेशक पंचायती राज राजेश्वरी बी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

बैठक में पंचायती राज विभाग एवं ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा राज्य में संचालित विकास योजनाओं की अद्यतन कार्य प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ग्रामीण क्षेत्रों की आधारभूत संरचना, सड़क संपर्क, पंचायत स्तरीय सेवाओं और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए. सीएम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास की बेहतर कार्य योजना बनाते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए.

पंचायत भवनों में बेहतर व्यवस्था का निर्देश

पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने पंचायत स्तर पर पारदर्शिता लाने का निर्देश दिया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंचायतों के माध्यम से बाल विवाह की रोकथाम, महिला हिंसा की रोकथाम, हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देने और इसे लेकर आमजनता को जागरूक करें. उन्होंने विशेषज्ञों की मदद से पंचायत भवनों में भी सॉलिड बेस्ड मैनेजमेंट के लिए कार्य योजना तैयार करने तथा सूखा एवं गीला कचरा को अलग-अलग रखने के लिए लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया

मुख्यमंत्री ने प्लास्टिक को भी सेग्रीगेट (पृथक्करण) करने पर बल दिया. उन्होंने पंचायत सचिवालय प्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कराने तथा पंचायत भवनों में शुद्ध पेयजल, शौचालय, स्वच्छता एवं लाइट जैसी योजनाओं का प्रभावी क्रियांवयन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए. सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आमजनों को पंचायत सचिवालय से मिलने वाली सभी सेवाओं का लाभ ससमय मिले. ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी नहीं उठाना पड़े.

मुख्यमंत्री ने पंचायत में डिजिटल सेवाओं के विस्तार और योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ाने पर बल दिया. जिससे ग्रामीण व्यक्तियों को लाभ मिले. इस दौरान सीएम ने ऑनलाइन एक डिजिटल पंचायत सचिवालय में बैठे कर्मचारी से भी बात की. मुख्यमंत्री ने ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा विकास कार्यों में पंचायत स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए.

ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क निर्माण पर जोर

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ग्रामीण कार्य विभाग की समीक्षा के दौरान ग्रामीण सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिए. उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों के गुणवत्ता पर भी विशेष जोर दिया. कहा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क से विकास को गति मिलेगी. इससे गांवों की आर्थिक गतिविधियां भी मजबूत होगी.

समीक्षा बैठक के बाद मीडियाकर्मियों से बात करते हुए ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ समीक्षा बैठक में विभाग के कामकाज की समीक्षा हुई. साथ ही आवश्यक निर्देश भी मिले हैं. उन्होंने कहा कि डिजिटल पंचायत सचिवालय की ओर हम लोग तेजी से बढ़ रहे हैं. बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बरहेट स्थित पंचायत सचिवालय में बैठी एक महिला से बात की. जहा सचिवालय में व्यवस्था के बारे में जानकारी ली और बिजली व्यवस्था के बारे में जानकारी के लिए पंखा चलाकर लोगों ने दिखाया.

Read more

Local News