Sunday, October 11, 2026

मनोहरपुर में 11 किसानों को 90% अनुदान पर मिले सोलर पंप, सांसद जोबा माझी ने बढ़ाने पर दिया जोर.

Share

मनोहरपुर, 10 अक्टूबर 2026: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में शनिवार को किसान समृद्धि योजना के तहत 11 किसानों के बीच सोलर पंप सेट वितरित किए गए। कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने लाभुक किसानों को सोलर पंप सौंपते हुए कृषि कार्य को बढ़ावा देने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने की अपील की।

11 किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर मिले सोलर पंप

कार्यक्रम के दौरान सुगड़ सलीम चेरवा, नादो चेरवा, अजीत चेरवा, विश्राम चेरवा, प्रतिमा महतो, गंगाराम तिर्की, छगन लाल महतो, सोनाराम तिर्की, राजेश महतो, मोहन कुम्हार और मेजरीन सिंदरी को 90 प्रतिशत अनुदान पर सोलर पंप सेट दिए गए।

सोलर पंप मिलने से किसानों को सिंचाई के लिए सुविधा उपलब्ध कराने और खेती से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

सोलर पंप वितरण का लक्ष्य बढ़ाने की मांग

सांसद जोबा माझी ने कहा कि मनोहरपुर क्षेत्र के किसान मेहनतकश हैं। खेती को लाभकारी बनाने और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में सिंचाई की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सोलर पंप वितरण का लक्ष्य बढ़ाने और योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित में कई योजनाएं चला रही है। किसानों को इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाना चाहिए, जिससे कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति में भी सुधार हो सके।

किसानों को सोलर पंप चलाने की दी गई जानकारी

कार्यक्रम में संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधियों ने लाभुक किसानों को सोलर पंप के संचालन और उपयोग की जानकारी दी। किसानों को उपकरणों के सही इस्तेमाल से संबंधित जरूरी बातें भी समझाई गईं।

ये अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में बीडीओ शक्तिकुंज, सीओ प्रदीप कुमार, उप प्रमुख दीपक एक्का, मुखिया पूजा कुजूर, अशोक बांदा, बीटीएम, बंदना उरांव, चंचल रवानी, विक्रम सिंह, अजहर अली और मोहम्मद उमर सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, लाभुक किसान और ग्रामीण उपस्थित रहे।

BHARATSUPERFASTNEWS

Read more

Local News