Wednesday, April 22, 2026

 बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली से पटना लौट आए हैं, लौटते ही उन्होंने नीतीश कुमार से मुलाकात की.

Share

 दिल्ली से लौटने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सीधे नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे. दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई हैं. तस्वीरों में नीतीश कुमार सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखे नजर आ रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री सिर झुकाकर उनका अभिवादन करते दिखे. इस मुलाकात को सियासी तौर पर काफी अहम माना जा रहा है.

आज पहली कैबिनेट बैठक

बिहार में नई सम्राट सरकार की पहली कैबिनेट बैठक आज यानी बुधवार शाम 6 बजे बुलाई गई है. इस बैठक में रोजगार और युवाओं से जुड़े बड़े फैसले लिए जाने की संभावना जताई जा रही है. माना जा रहा है कि सरकार शुरुआती फैसलों के जरिए बड़ा संदेश देने की तैयारी में है.

PM मोदी से भी मिले सम्राट

21 अप्रैल को मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की. मुलाकात के बाद सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि राज्य के विकास और जनकल्याण को लेकर प्रधानमंत्री से मार्गदर्शन मिला. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का सहयोग बिहार की प्रगति को नई दिशा देगा.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिल्ली में कई वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात की. उन्होंने राधामोहन सिंह और गिरिराज सिंह से मुलाकात कर राज्य के कई मुद्दों पर चर्चा की.

RSS दफ्तर और BJP मुख्यालय भी गए

प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद सम्राट चौधरी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दफ्तर भी पहुंचे, जहां उन्होंने संघ के वरिष्ठ नेताओं से बातचीत की. इसके पहले वे भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय भी गए थे, जहां उनकी मुलाकात नितिन नवीन से हुई.

सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान मंत्रिमंडल के नामों पर अंतिम चर्चा की गई और लिस्ट को फाइनल रूप दिया गया. अब सबकी नजर आज होने वाली कैबिनेट बैठक पर टिकी है, जहां से सरकार के एजेंडे की स्पष्ट झलक मिल सकती है.

Read more

Local News