Friday, June 12, 2026

दुमका में श्रद्धालुओं ने पातालेश्वर महादेव के दर्शन किए.

Share

दुमका: बासुकीनाथ स्थित शिवगंगा सारोवर में पातालेश्वर महादेव के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी है. बता दें कि जब-जब शिवगंगा की सफाई होती है, तब शिवगंगा सरोवर के मध्य में स्थित कुंड में जो शिवलिंग है, उसके दर्शन भक्तों को होते हैं. इस बार भी श्रावणी मेले को लेकर शिवगंगा की सफाई की जा रही है जिसकी वजह से भक्तों को पातालेश्वर महादेव के दर्शन हो रहे हैं. प्रसिद्ध तीर्थ स्थान फौजदारी दरबार बाबा बासुकीनाथ धाम में स्थित शिवगंगा सरोवर के भीतर पातालेश्वर महादेव के नाम विख्यात शिवलिंग मौजूद है, जिसके दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है.

शिवगंगा सरोवर की सफाई के बाद दिखाई दिए पातालेश्वर महादेव

दरअसल, श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन की ओर से शिवगंगा सरोवर की सफाई की जा रही है और इस दौरान शिवगंगा के जल को मोटर पंप की मदद से बाहर निकाल दिया गया है. शिवगंगा का पानी हटने एवं कुंड के गड्ढे से कीचड़ साफ होने के बाद, तलहटी में मौजूद शिवलिंग दिख रहा है. सालों बाद निकले आस्था के प्रतीक पाताल बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है. हर कोई इस दुर्लभ संयोग से मिले पाताल शिवलिंग की पूजा करने के लिए आतुर है और बाबा का आशीर्वाद प्राप्त कर रहा है

प्राचीन काल से मौजूद है शिवलिंग

पंडा धर्म रक्षिणी सभा के प्रवक्ता सुबोधकांत झा बताते हैं कि शिवगंगा में मौजूद शिवलिंग का इतिहास कई साल पुराना है और जब जब शिवगंगा की सफाई की जाती है, तब श्रद्धालुओं को पाताल बाबा के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होता है.

तीन साल पहले हुए थे पातालेश्वर महादेव के दर्शन

3 साल पहले की गई सफाई कार्य के समय लोगों को ऐसे दुर्लभ दर्शन मिले थे और अब एक बार फिर से पाताल बाबा के दर्शन के दुर्लभ संयोग मिल रहे हैं. चूंकि अभी इस क्षेत्र में बारिश नहीं हो रही है, इसलिए श्रद्धालु शिवलिंग के दर्शन कर रहे हैं. जब बारिश शुरू होगी उसके बाद कुंड में जल भर जाएगा, जिससे पाताल बाबा जल में समाहित हो जाएंगे और लोग दर्शन से वंचित हो जाएंगे.

बासुकीनाथ स्थित पवित्र शिवगंगा सफाई अभियान के दौरान कुंड से पातालेश्वर महादेव का रुप दिखाई दिया है. दर्शन के लिए भारी संख्या में लोग यहां पहुंच रहे हैं.

Read more

Local News