बहरागोड़ा: पंचायत सहायक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार मोहंती से मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों से अवगत कराया। गुड़ाबांदा प्रखंड अध्यक्ष आशीष कुमार करण के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने विधायक कार्यालय में दो सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा।
ज्ञापन में पंचायत सहायकों ने सरकार से उचित मानदेय निर्धारित करने और सेवा का स्थायीकरण सुनिश्चित करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि लंबे समय से इन मुद्दों पर निर्णय लंबित है, जिससे पंचायत सहायकों को कई प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रतिनिधियों ने विधायक से आग्रह किया कि उनकी मांगों को राज्य सरकार तक पहुंचाकर शीघ्र समाधान की दिशा में आवश्यक पहल की जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार पंचायत सहायकों की समस्याओं पर सकारात्मक निर्णय लेगी।
इस दौरान पंचायत सहायक संघ के कृपासिंधु दलाई, देवाशीष पातर, जयंत कुंडू, संजय पातर, सुरेंद्रनाथ मुर्मू, महेश्वर महतो, राम रंजन घोष सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
