‘पेद्दी’ में जाह्नवी कपूर के किरदार को दिखाए जाने के तरीके पर आलोचना बढ़ती जा रही है. इन सबके बीच एक्ट्रेस को सेलेब्स से सपोर्ट मिला है. वहीं, उनके मेकअप आर्टिस्ट ने सामने आकर बताया है कि पर्दे के पीछे असल में क्या हुआ था.
सोशल मीडिया पर जाह्नवी कपूर के किरदार के हाइपर-सेक्शुअलाइज़ेशन को लेकर बहस जारी है, ऐसे में एक्ट्रेस की मेकअप आर्टिस्ट सवलीन कौर मनचंदा ने शनिवार को इंस्टाग्राम स्टोरीज के जरिए सार्वजनिक रूप से उनका बचाव किया.
जाह्नवी की लंबे समय से मेकअप आर्टिस्ट रहीं सवलीन कौर मनचंदा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक पोस्ट शेयर किया. इसमें बताया गया कि एक्ट्रेस ने पोस्ट-प्रोडक्शन के दौरान फिल्म के कुछ शॉट्स पर साफ तौर पर आपत्ति जताई थी.

पोस्ट में लिखा था, ‘रिपोर्ट्स के मुताबिक, जाह्नवी कपूर ने पोस्ट-प्रोडक्शन के दौरान इन शॉट्स पर साफ तौर पर सवाल उठाए थे.यह कदम इंडस्ट्री में महिलाओं को जरूरत से ज्यादा सेक्सुअलाइज़ करने की आदत के खिलाफ उनके हालिया सार्वजनिक रुख को पूरी तरह से दिखाता है. उन्होंने एक प्रोफेशनल सीमा तय की थी, लेकिन फाइनल एडिट में फिर भी वह फ़ुटेज रखा गया.’
इस पोस्ट में फिल्म के निर्देशन पर भी सीधा आरोप लगाया गया. लिखा गया है, ‘यह मामला ऐसा नहीं है कि कोई एक्ट्रेस अपने हक के लिए खड़ी नहीं हो पाई. बल्कि, यह एक डायरेक्टर का मामला है जिसने एक सीमा को नजरअंदाज किया, क्योंकि उसने तय किया कि एक्ट्रेस की सहमति से ज्यादा जरूरी उसके बॉक्स ऑफ़िस नंबर हैं.’
मेकअप आर्टिस्ट की पोस्ट के साथ ही जाह्नवी के फैन क्लब्स ने कई स्क्रीनशॉट शेयर किए, जिनमें खुद एक्ट्रेस के भेजे गए टेक्स्ट मैसेज दिख रहे थे. सबसे ज्यादा शेयर किए गए मैसेज में, जो 30 अक्टूबर का था, जाह्नवी ने लिखा था, ‘मैंने उन्हें मना किया था. कमर के शॉट्स लेने से. और राम सर बहुत अच्छे हैं, उन्होंने उसे डांटा भी और कहा कि तुम अब कभी उसके ऐसे एंगल से फोटो नहीं लोगे, इसलिए वह नाराज हो गये थे.’
एक और मैसेज में, उन्होंने लिखा था कि किसी को अंदाजा भी नहीं था कि वह किस दौर से गुजर रही थीं और वह उन्हें समझाने की कोशिश कर रही थीं. हालांकि जाह्नवी ने इस विवाद पर कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की है और न ही इन मैसेज की सच्चाई की पुष्टि की है.
4 जून को ‘पेद्दी’ के रिलीज़ होने के बाद आलोचना शुरू हुई. दर्शकों और आलोचकों ने इस बात पर आपत्ति जताई कि स्क्रीन पर जाह्नवी के किरदार ‘अचियम्मा’ को कैसे पेश किया गया है. कई लोगों ने ऐसे सीन की ओर इशारा किया, जिनमें उन्हें एक किरदार के बजाय उनके शरीर पर ज्यादा ध्यान दिया गया था. बिना सहमति के किस वाले एक अलग सीन ने भी ऑनलाइन काफी ध्यान खींचा.
डायरेक्टर बुची बाबू सना ने एक्स (पहले ट्विटर) हैंडल पर सबके सामने माफी मांगकर इस रिएक्शन का जवाब दिया. उन्होंने लिखा है, ‘मेरे मन में हमेशा से महिलाओं के लिए बहुत इज्जत रही है. ऑन स्क्रीन और ऑफ स्क्रीन, दोनों जगह, और हमारा कभी भी किसी महिला कैरेक्टर को ऑब्जेक्टिफाई करने या उसकी बेइज्जती करने का इरादा नहीं था. अगर फिल्म के किसी भी हिस्से को इस तरह से देखा गया है, तो हम उन भावनाओं का सम्मान करते हैं, उठाई जा रही चिंताओं को समझते हैं, और दिल से माफी मांगते हैं.’ उन्होंने यह भी कन्फर्म किया कि फिल्म के जरूरी हिस्सों में बदलाव किए जाएंगे.


