Saturday, May 9, 2026

पुलिस पर लगाया हत्या करने का आरोप – कैदी की मौत के बाद शव लेकर भाग रहा था परिवार

Share

पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल से एक कैदी का शव पोस्टमार्टम कराए बिना ले जा रहे परिजनों को फुलवारीशरीफ पुलिस ने पकड़ा। जहानाबाद जेल के कैदी राहुल कुमार की पीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और शव को जबरन ले जाने लगे।

फुलवारीशरीफ। पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल से एक कैदी के शव को बगैर पोस्टमार्टम कराए लेकर भाग रहे स्वजन को फुलवारीशरीफ क्षेत्र से पुलिस ने दबोचा। मंडल कारा जहानाबाद का कैदी राहुल कुमार कई दिनों से बीमार था।

बेहतर इलाज के लिए उसे पुलिस कस्टडी में पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) लाया गया था। शनिवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही स्वजन अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।

बिना पुलिस को सूचना दिए स्वजन शव को एंबुलेंस में रखकर जबरन लेकर भागने लगे। इस दौरान एंबुलेंस चालक से भी मारपीट की गई।

जेल में हत्या का आरोप

स्वजन का कहना था कि कैदी की पीट कर जेल में हत्या कर दी गई थी। सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना पुलिस हरकत में आई और पीछा कर थाना क्षेत्र में एंबुलेंस को रोक लिया।

पुलिस ने स्वजन को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे लगातार विरोध करते रहे। बाद में संबंधित जिला के वरीय अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई।

कुछ ही देर में जहानाबाद अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, फुलवारी शरीफ थाना पहुंचे। उन्होंने मौके की स्थिति को नियंत्रित किया और कैदी का शव अपने कब्जे में ले लिया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शव का पोस्टमार्टम और आगे की कानूनी कार्रवाई प्रक्रिया अनुसार ही की जाएगी।

Read more

Local News