त्तर भारत में घने कोहरे के कारण पटना रूट पर ट्रेनें 5 से 15 घंटे तक देरी से चल रही हैं। तेजस, राजधानी और संपूर्ण क्रांति जैसी प्रमुख ट्रेनें भी प्रभावित हैं। दृश्यता कम होने से ट्रेनों की रफ्तार घटाई गई है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जांचने की अपील की है।
पटना।उत्तर भारत में घने कोहरे का असर अब रेल परिचालन पर साफ दिखने लगा है। पटना जंक्शन (PNBE) से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनें 5 से 15 घंटे तक की भारी देरी से चल रही हैं। कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से ट्रेनों की रफ्तार घटाई गई है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, प्रीमियम और सुपरफास्ट ट्रेनें भी देरी की चपेट में हैं। दिल्ली–पटना रूट की तेजस एक्सप्रेस करीब 9 घंटे 18 मिनट की देरी से चल रही है, जबकि हावड़ा–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस 12 घंटे 20 मिनट लेट है। इसी तरह संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस करीब 5 घंटे 32 मिनट देरी से अपने गंतव्य की ओर बढ़ रही है।
भागलपुर गरीब रथ एक्सप्रेस लगभग 5 घंटे 5 मिनट, राजेन्द्र नगर–नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस 7 घंटे 52 मिनट, मगध एक्सप्रेस 5 घंटे 33 मिनट और ब्रह्मपुत्रा मेल करीब 1 घंटे 49 मिनट लेट चल रही है। इसके अलावा बिलासपुर–बक्सर एक्सप्रेस 4 घंटे 41 मिनट और दिल्ली–कामाख्या एक्सप्रेस करीब 5 घंटे 30 मिनट की देरी से परिचालित हो रही है।
रेल अधिकारियों का कहना है कि सुबह और देर रात के समय कोहरा ज्यादा घना होने से परिचालन प्रभावित हो रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेनों की स्पीड नियंत्रित रखी जा रही है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन का लेटेस्ट स्टेटस जरूर जांच लें।
पटना जंक्शन पर कई ट्रेनों के एक साथ देर से पहुंचने के कारण प्लेटफॉर्म पर भीड़ बढ़ गई है। यात्री ठंड और लंबा इंतजार झेलने को मजबूर हैं। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए पूछताछ काउंटर और डिजिटल डिस्प्ले पर लगातार अपडेट जारी करने की बात कही है।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि मौसम साफ होते ही परिचालन सामान्य करने की कोशिश की जाएगी, लेकिन फिलहाल कोहरे के चलते अगले कुछ दिनों तक देरी जारी रह सकती है।


