Tuesday, July 14, 2026

धनबाद मंडल में मेगा टिकट चेकिंग अभियान, 861 यात्री पकड़े गए, ₹8.71 लाख से अधिक जुर्माना वसूला.

Share

धनबाद: पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद मंडल में मंगलवार को बिना टिकट और नियमों के विरुद्ध यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस मेगा अभियान के तहत रेलवे की टिकट जांच टीमों ने विभिन्न स्टेशनों के अलावा मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में व्यापक जांच की।

जांच के दौरान कुल 861 यात्रियों को रेलवे नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ा गया। इनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले, निर्धारित श्रेणी से अलग कोच में सफर करने वाले तथा बिना बुकिंग के सामान ले जाने वाले यात्री शामिल थे।

रेलवे ने कार्रवाई के दौरान संबंधित यात्रियों से 8,71,530 रुपये का जुर्माना वसूल किया। अधिकारियों ने यात्रियों को भविष्य में वैध टिकट लेकर और उसी श्रेणी के डिब्बे में यात्रा करने की सलाह दी, ताकि दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह अभियान पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत चलाया गया। इसका उद्देश्य रेलवे के राजस्व की सुरक्षा करना और यात्रियों के बीच टिकट संबंधी नियमों के पालन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

अभियान के दौरान धनबाद मंडल के कई स्टेशनों पर अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की अच्छी-खासी भीड़ भी देखी गई, जहां लोग यात्रा से पहले टिकट खरीदते नजर आए।

धनबाद मंडल ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह के टिकट जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे प्लेटफॉर्म पर प्रवेश करने और ट्रेन में सफर करने से पहले वैध टिकट अवश्य लें तथा अपने टिकट के अनुरूप ही कोच में यात्रा करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत जुर्माना और अन्य आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।

Read more

Local News