दुमका: जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दरबारपुर गांव के पास शनिवार की शाम को पुलिया निर्माण में लगे एक हाइड्रा वाहन (मिट्टी काटने का उपकरण) के चालक ने बाइक सवार पांच लोगों को टक्कर मार दी. इस हादसे में चार साल के मासूम चित्रांश मरांडी की मौत हो गई. वहीं उसके पिता भवेश मरांडी, बहन अनीशा और अंजली के अलावा गांव का एक युवक सुशील हेंब्रम घायल हो गया. यह पूरा परिवार सदर प्रखंड के दरबारपुर की पंचायत समिति सदस्य फुलमनी टुडू का है. जिस बच्चे की मौत हुई है वह फुलमनी का पुत्र था.
मौके पर पहुंची बीडीओ के साथ पंचायत प्रमुख

मामले की सूचना मिलते ही बीडीओ और प्रमुख मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया. वहीं बच्चे का शव वाहन में ही फंसा रहा, जिसे काफी मशक्कत के बाद निकाला जा सका. पुलिस ने शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. बच्चा दरबारपुर पंचायत की पंचायत समिति सदस्य फूलमनी टुडू का पुत्र था.
शनिवार की देर शाम मुर्गाथली निवासी भवेश मरांडी अपने तीनों बच्चों के साथ असुरधरा गांव के सुशील हेंब्रम की बाइक से बच्चों के बाल कटवाने के लिए जा रहा था. रास्ते में दरबारपुर गांव के पास पुलिया का निर्माण चल रहा है, उसमें हाइड्रा मशीन से मिट्टी कटाई का काम किया जा रहा था. जैसे सुशील बाइक लेकर निर्माण स्थल पर पहुंचा तो सामने आ रहे डंपर को देखकर रुक गया. तभी पीछे से काम करते आ रहे हाइड्रा ने बाइक में टक्कर मार दी.
टक्कर की वजह से सभी लोग बाइक से गिर गए, इसके बाद भी चालक ने हाइड्रा नहीं रोका. चित्रांश वाहन में फंस गया, जिससे उसकी मौत हो गई. लोगों के शोर मचाने पर चालक हाइड्रा छोड़कर भाग गया. हादसे की सूचना मिलते ही सदर बीडीओ उमेश मंडल और प्रमुख मिनौदी सोरेन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया. सभी की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. बीडीओ ने बताया कि बच्चे का शव वाहन में फंस गया था. काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका.
मौके पर पहुंचे सदर प्रखंड के बीडीओ उमेश कुमार ने कहा कि हम प्रखंड प्रमुख के साथ अपने कार्यालय में बैठ किसी विषय पर विचार विमर्श कर रहे थे उसी वक्त यह सूचना मिली कि यह सड़क हादसा हो गया है. हम लोग फौरन मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लाया है.


