लिखित और शारीरिक परीक्षा पास करने के बाद भी नियुक्ति से वंचित थे अभ्यर्थी, साहिबगंज जिले से जुड़ा है मामला
रांची : झारखंड हाईकोर्ट ने साहिबगंज जिले में चौकीदार नियुक्ति मामले में दिव्यांग अभ्यर्थियों को राहत देते हुए उनके लिए आरक्षित 4 प्रतिशत पदों को 12 सप्ताह के भीतर भरने का निर्देश दिया है। न्यायमूर्ति दीपक रोशन की अदालत ने फूलचंद मुर्मू एवं अन्य की याचिका पर सुनवाई के बाद यह आदेश दिया। याचिकाकर्ताओं ने लिखित और शारीरिक दक्षता परीक्षा पास की थी, इसके बावजूद उन्हें नियुक्ति नहीं मिली थी।
315 पदों पर होनी थी नियुक्ति
साहिबगंज जिले में विज्ञापन संख्या 01/2024 के तहत चौकीदार के कुल 315 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। इसमें दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 4 प्रतिशत पद आरक्षित रखे गए थे।
याचिकाकर्ताओं ने दिव्यांग श्रेणी के तहत निर्धारित पात्रता के आधार पर आवेदन किया था। उन्हें प्रवेश पत्र जारी किया गया और उन्होंने लिखित परीक्षा में सफलता हासिल की। इसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा में भी वे सफल रहे। इसके बावजूद उनकी नियुक्ति नहीं की गई। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित पदों को फिलहाल स्थगित रखा गया था। इसके बाद अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट का रुख किया।
याचिकाकर्ताओं ने समान अवसर का दिया हवाला
याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता शुभम मिश्रा और हर्ष चंद्र ने अदालत में पक्ष रखा। उन्होंने दलील दी कि जब नियुक्ति विज्ञापन में दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 4 प्रतिशत पद आरक्षित किए गए थे और याचिकाकर्ताओं ने चयन प्रक्रिया की दोनों परीक्षाएं पास कर ली थीं, तो नियुक्ति प्रक्रिया स्थगित रखकर उन्हें अवसर से वंचित करना उचित नहीं है।
अधिवक्ताओं ने कहा कि दिव्यांग व्यक्तियों को उचित सुविधाएं और समान अवसर उपलब्ध कराना राज्य का वैधानिक दायित्व है। इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट के Vikash Kumar v. Union of India मामले में प्रतिपादित सिद्धांतों का हवाला दिया गया।
इसके अलावा झारखंड हाईकोर्ट के Jhutika Paul v. State of Jharkhand मामले के फैसले का उल्लेख करते हुए उचित समायोजन (Reasonable Accommodation) की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
राज्य सरकार ने नियमों का दिया हवाला
राज्य सरकार की ओर से पेश अधिवक्ता ने दलील दी कि दिव्यांग अभ्यर्थियों की नियुक्ति और उनके शारीरिक दक्षता परीक्षण को लेकर कोई विशिष्ट नियम निर्धारित नहीं है। इसी वजह से साहिबगंज के उपायुक्त ने राज्य सरकार से मार्गदर्शन मांगा था। मार्गदर्शन मिलने तक संबंधित पदों पर नियुक्ति स्थगित रखी गई।
सरकार की ओर से यह भी कहा गया कि नियुक्ति वर्ष 2015 के नियमों के अनुसार होनी चाहिए और दिव्यांग अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा से छूट देने का कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है।
12 सप्ताह में पद भरने का निर्देश
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित चौकीदार के 4 प्रतिशत पदों को 12 सप्ताह के भीतर भरने का निर्देश दिया। अदालत के इस आदेश से नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल उन दिव्यांग अभ्यर्थियों को राहत मिली है, जो परीक्षा पास करने के बावजूद नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे थे।
