Thursday, June 18, 2026

‘डोरेमोन’ के फैंस के लिए गुड न्यूज है, भारत में ‘न्यू नोबिता एंड द कैसल ऑफ द अंडरसी डेविल’ होने जा रही है.

Share

‘डोरेमोन द मूवी: न्यू नोबिता एंड द कैसल ऑफ द अंडरसी डेविल’ पूरे भारत में रिलीज होने जा रही है. यह मशहूर जापानी एनीमे सीरीज के लिए एक अहम पड़ाव होगा, जिसे दशकों से भारतीय दर्शकों का बहुत प्यार मिला है. यह फिल्म हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज की जाएगी, जिससे यह लाखों-करोड़ों फैंस तक पहुंच सकेगी.

डोरेमोन के मेकर्स ने गुरुवार, 18 जून को ‘डोरेमोन द मूवी: न्यू नोबिता एंड द कैसल ऑफ द अंडरसी डेविल’ का नया पोस्टर जारी किया है और भारतीय फैंस को गुड न्यूज दिया है. उन्होंने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, बड़ी खबर… डोरेमोन भारत में बड़े पर्दे पर आ रहा है. ‘डोरेमोन द मूवी: न्यू नोबिता एंड द कैसल ऑफ द अंडरसी डेविल’ 2 अक्टूबर, 2026 को पूरे भारत के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. समुद्र के नीचे दोस्ती, हिम्मत और रहस्य से भरे एक यादगार अंडरवॉटर एडवेंचर में डोरेमोन, नोबिता और उनके दोस्तों के साथ शामिल हों.

मेकर्स ने बताया कि फिल्म 3 भाषाओं में रिलीज होगी. इतना ही नहीं, इसकी पहली स्पेशल अपीयरेंस भी होगी. उन्होंने कैप्शन में लिखा है, ‘फिल्म हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज होगी. पूरे भारत में फैंस के लिए कैंपेन- 20–21 जून, 2026 को मुंबई में C.O.R.E. में डोरेमोन की पहली स्पेशल अपीयरेंस.’

फ़ुजिको एफ. फ़ुजियो के ओरिजिनल मंगा पर आधारित यह फिल्म डोरेमोन, नोबिता और उनके दोस्तों के पानी के नीचे के उस रोमांचक सफर की कहानी है, जो दोस्ती, हिम्मत और नई खोज पर केंद्रित है.

डोरेमोन मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में 20 और 21 जून को बीडब्ल्यूओ द्वारा आयोजित पॉप कल्चर फेस्टिवल ‘CORE’ में लोगों के सामने आएगा. इस इवेंट में डोरेमोन के लिए एक खास जोन होगा, जिसमें थीम पर आधारित इंस्टॉलेशन, इंटरैक्टिव एक्टिविटीज, फ़ोटो खिंचवाने के मौके और कैरेक्टर का इन्फ्लेटेबल शामिल होंगे.

भारत में इस फिल्म की रिलीज के साथ ही पहली बार डोरेमोन की कोई फिल्म देश भर के सिनेमाघरों में बड़े पैमाने पर दिखाई जाएगी. इससे पहले इस फ्रैंचाइजी ने सालों तक टेलीविजन पर दिखाए जाने के जरिए काफी लोकप्रियता हासिल की है.

डोरेमोन की कहानी बिना कान वाली रोबोटिक बिल्ली ‘डोरेमोन’ के इर्द-गिर्द घूमती है, जो नोबिता नोबी नाम के लड़के की रोजमर्रा की जिंदगी में मदद करने के लिए 22वीं सदी से समय में पीछे की ओर यात्रा करके आता है. इसे 1973, 1979 और 2005 में तीन अलग-अलग एनीमे टीवी सीरीज में ढाला गया था.

Read more

Local News