रांची: जेपीएससी और जेएससीए परीक्षाओं में कथित अनियमितता तथा विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा के झारखंड बंद का असर राजधानी रांची में देखने को मिल रहा है। मंगलवार को रातू रोड, पिस्का मोड़, मेट्रो गली और किशोरगंज चौक समेत कई इलाकों में भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करते नजर आए।
पिस्का मोड़ पर प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की आवाजाही प्रभावित करने की कोशिश की। वहीं मेट्रो गली और किशोरगंज चौक के पास टायर जलाकर विरोध जताया गया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बंद के समर्थन में लोगों से सहयोग की अपील की।
पुलिस बल की तैनाती, यातायात बहाल कराने की कोशिश
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल बढ़ा दिया। रातू रोड सहित अन्य स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए, ताकि सड़क पर आवागमन को सामान्य रखा जा सके।
भाजपा कार्यकर्ता बाइक रैली के जरिए भी बंद का समर्थन करते हुए अलग-अलग इलाकों में पहुंचे। कुछ जगहों पर सड़क पर बैठकर यातायात रोकने का प्रयास किया गया, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।
दुकानदारों से बंद में सहयोग की अपील
बंद का असर शहर के बाजारों में भी दिखाई दिया। भाजपा कार्यकर्ता दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने का आग्रह करते नजर आए। कुछ स्थानों पर दुकानों को बंद कराने की कोशिश भी की गई, जिसके चलते कई बाजारों में कारोबार प्रभावित हुआ।
छात्रों के समर्थन में बंद का दावा
भाजपा जिलाध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि पार्टी ने छात्रों के समर्थन में बंद बुलाया है। उनके अनुसार, जेपीएससी और जेएससीए परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी तथा छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के खिलाफ यह विरोध किया जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से बंद को सफल बनाने का प्रयास कर रहे हैं और विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से सहयोग मांगा जा रहा है।
