Thursday, May 28, 2026

झारखंड के प्रतिभाशाली फुटबॉल खिलाड़ी निखिल बारला का भारतीय सीनियर फुटबॉल टीम में चयन हुआ है.

Share

रांची: झारखंड के उभरते फुटबॉल खिलाड़ी निखिल बारला का भारतीय सीनियर फुटबॉल टीम में चयन होने से राज्य में खुशी का माहौल है. रांची के जवाहर विद्या मंदिर (जेवीएम) श्यामली के पूर्व छात्र निखिल अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, खेल प्रेमियों और झारखंड के फुटबॉल जगत में उत्साह देखा जा रहा है.

निखिल बारला ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई रांची स्थित जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली से की थी. छात्र जीवन के दौरान ही उन्होंने फुटबॉल के प्रति अपने जुनून और प्रतिभा की झलक दिखानी शुरू कर दी थी. पढ़ाई के साथ साथ खेल में अनुशासन, मेहनत और लगातार अभ्यास के दम पर उन्होंने अपने खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया. भारतीय सीनियर टीम में चयन उनके वर्षों की मेहनत और संघर्ष का परिणाम माना जा रहा है.

राज्य का नाम रोशन करेंगे निखिल बारला: प्रधानाचार्य बीएन झा

विद्यालय के प्रधानाचार्य बीएन झा ने निखिल की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरे विद्यालय और झारखंड के लिए गर्व का क्षण है. उन्होंने कहा कि जेवीएम श्यामली हमेशा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर देता है और निखिल ने यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और निरंतर मेहनत से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचा जा सकता है. प्रधानाचार्य ने उम्मीद जताई कि निखिल भारतीय टीम के साथ शानदार प्रदर्शन कर देश और राज्य का नाम रोशन करेंगे.

दूसरे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत: एमएम दासगुप्ता

विद्यालय प्रबंधन समिति की उपाध्यक्ष एमएम दासगुप्ता ने भी निखिल बारला को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी. उन्होंने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल और अन्य गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के अवसर दिए जाते हैं और निखिल की उपलब्धि इसका उदाहरण है.

फुटबॉल में भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी

झारखंड लंबे समय से हॉकी, तीरंदाजी और एथलेटिक्स के साथ-साथ फुटबॉल में भी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की धरती माना जाता रहा है. राज्य के कई युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं. ऐसे में निखिल बारला का भारतीय सीनियर फुटबॉल टीम में चयन झारखंड के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.

निखिल बारला से खेल प्रेमियों को उम्मीद

विद्यालय परिवार ने निखिल बारला को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल खेल जीवन की कामना की है. खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि निखिल आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर झारखंड और देश का गौरव बढ़ाएंगे.

Read more

Local News