जून का दूसरा हफ्ता कई नई फिल्मों और सीरीज के साथ शुरू हो रहा है, जिससे आपकी वॉचलिस्ट जरूर भर जाएगी, हॉरर-कॉमेडी से लेकर रोमांचक थ्रिलर और ड्रामा तक, कई तरह की फिल्में और शो आपके पसंदीदा ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आ रहे हैं. इस हफ्ते अक्षय कुमार की फिल्म ‘भूत बंगला’ के साथ-साथ सोनाली बेंद्रे की ‘राख’ और साउथ की कई ब्लॉकबस्टर फिल्में भी रिलीज हो रही हैं. आइए, उन पर एक नजर डालते हैं:
‘भूत बंगला’
स्ट्रीमिंग डेट: 12 जून
स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म: नेटफ्लिक्स
अक्षय कुमार की फिल्म ‘भूत बंगला’ एक हॉरर, कॉमेडी और फ़ैमिली ड्रामा है, जिसकी कहानी एक डरावने माहौल में हो रही शादी के इर्द-गिर्द घूमती है. कहानी अर्जुन (कुमार) की है, जो लंदन में रहने वाला एक लापरवाह व्यक्ति है. वह अपनी बहन की डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए भारत लौटता है, जो उनके पुश्तैनी घर में होनी है. स्थानीय लोगों की चेतावनियों के बावजूद, अर्जुन शादी की तैयारियां जारी रखता है. लेकिन जल्द ही यह जश्न एक बुरे सपने में बदल जाता है.
‘करुप्पु’
स्ट्रीमिंग डेट: 12 जून
स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म: प्राइम वीडियो
इस हफ्ते साउथ की सबसे चर्चित ओटीटी रिलीज में से एक है ‘करुप्पु’, जो एक फैंटेसी एक्शन ड्रामा फिल्म है. इसमें साउथ सुपरस्टार सूर्या और तृषा कृष्णन अहम भूमिकाओं में हैं. आरजे बालाजी के निर्देशन में बनी यह फिल्म न्याय और आस्था जैसे विषयों को दर्शाती है. साथ ही माइथोलॉजी, इमोशन और एक्शन भी एक साथ पेश करती है. कहानी सुकुमारन और उनकी बेटी बीनू के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी जिंदगी जुल्म और हिंसा की वजह से बर्बाद हो जाती है.
‘दृढम’
स्ट्रीमिंग डेट: 12 जून
स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म: जियो हॉटस्टार
‘दृढम’ एक मलयालम मिस्ट्री थ्रिलर है. यह एक युवा पुलिस अफसर के इर्द-गिर्द घूमती है. यह एक ऐसा पुलिस अफसर होता है, जो अपराध से जुड़ी एक उलझती हुई पहेली के केंद्र में है. मार्टिन जोसेफ थाराकुनेल के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शेन निगम के साथ शोबी थिलाकन, कृष्णा प्रभा, नंदन उन्नी, कोट्टायम रमेश, दिनेश प्रभाकर और मैथ्यू वर्गीज मुख्य भूमिकाओं में हैं.
‘मां है ना’
स्ट्रीमिंग डेट: 12 जून
स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म: जी5
‘मां है ना’ एक रियलिटी कॉमेडी शो है जो जेन-जेड के 6 सेलिब्रिटीज पर आधारित होगा. ये सेलिब्रिटीज अपनी मांओं के साथ मिलकर मजेदार कुकिंग चैलेंज में एक-दूसरे का मुकाबला करेंगे. यह शो मजेदार कुकिंग टास्क के दौरान टीम के सदस्यों और उनकी मांओं के बीच के रिश्ते को दिखाएगा. साथ ही, इस शो में बिना किसी फ़िल्टर के बातचीत और अलग-अलग पीढ़ियों के बीच के अंतर को दिखाया जाएगा.
‘माइकल’
स्ट्रीमिंग डेट: 9 जून
स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म: अमेजन प्राइम वीडियो,एप्पल टीवी+, और बीएमएस स्ट्रीम
‘माइकल’ 2026 की एक बायोग्राफिकल फिल्म है जो मशहूर और लेजेंडरी माइकल जैक्सन की जीवन पर आधारित है. फिल्म की कहानी उनके बचपन से शुरू होकर 1980 के दशक के आखिर में मिली उनकी कामयाबी तक के सफर को दिखाती है. साथ ही, फिल्म में इस स्टार के दुनिया के सबसे बड़े सोलो मेगास्टार बनने के सफर को भी दिखाया गया है.
‘राख’
स्ट्रीमिंग डेट: 12 जून
स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म: अमेजन प्राइम वीडियो
प्रोसित रॉय के निर्देशन में बनी यह सीरीज 1970 के दशक के आखिर की कहानी है. यह एक ऐसे पुलिस अफसर के इर्द-गिर्द घूमती है जो अगवा किए गए दो किशोरों को खोजने निकलता है. उसकी खोज से पूरे शहर में सनसनी फैल जाती है, और साथ ही उसका सामना हिंसा और खतरनाक इंसानी सोच वाली काली दुनिया से भी होता है. सीरीज के सीन दर्शकों को अपनी सीट से बांधे रखेगी.
‘शशह सीजन 3’
स्ट्रीमिंग डेट: 12 जून
स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म: अहा वीडियो
लोकप्रिय तमिल एंथोलॉजी सीरीज ‘शशह’ अपने तीसरे सीजन के साथ लौट रही है, जिसमें नए किरदार और कहानियां देखने को मिलेंगी. इस नए सीजन में पूनम बाजवा, किरण राठौर, तमिलवानी, डिवि और दिव्या गणेशन अहम भूमिकाओं में हैं. पिछले सीजन की तरह ही, यह शो कई कहानियों के जरिए रिश्तों, भावनाओं और निजी सफर को दर्शाएगा.
‘द पॉलीगैमिस्ट’
स्ट्रीमिंग डेट: 12 जून
स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म: नेटफ्लिक्स
बेस्ट-सेलिंग नॉवेल पर आधारित ‘द पॉलीगैमिस्ट’ जॉयस नाम की एक महिला के इर्द-गिर्द घूमती है. जॉयस एक सफल बैंकिंग सीईओ हैं. उनका बड़ी मेहनत से खड़ा किया गया साम्राज्य तब ढहने लगता है जब उनके छिपे हुए रिश्तों का सच सामने आता है. 22 एपिसोड वाली यह सीरीज धोखे, दौलत और विश्वासघात के नतीजों को दिखाती है.


