रांची/नई दिल्ली: निर्वाचन प्रक्रिया में मीडिया की भूमिका को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग 17 जुलाई को राष्ट्रीय स्तर की मीडिया कॉन्फ्रेंस आयोजित करने जा रहा है। यह कार्यक्रम नई दिल्ली के द्वारका स्थित इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (IIIDEM) के सभागार में होगा। सम्मेलन को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार संबोधित करेंगे।
देशभर के पत्रकार होंगे शामिल
इस एकदिवसीय सम्मेलन में झारखंड समेत विभिन्न राज्यों के चुनाव संबंधी रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार भाग लेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत चुनावों में मीडिया की भूमिका पर चर्चा से होगी, जिसमें निर्वाचन आयोग के मीडिया प्रभाग के वरिष्ठ अधिकारी अपने विचार साझा करेंगे। इसके बाद IIIDEM के महानिदेशक प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे।
तकनीक, कानून और चुनावी प्रक्रिया पर होंगे सत्र
सम्मेलन के दौरान चुनावी प्रक्रियाओं में तकनीक के बढ़ते उपयोग पर विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। प्रतिभागियों को ECINET प्लेटफॉर्म की कार्यप्रणाली और चुनाव प्रबंधन में डिजिटल तकनीकों के उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी।
इसके अलावा, संवैधानिक और कानूनी विषयों पर विशेषज्ञ अधिकारियों द्वारा चुनावी कानून, हालिया न्यायालयों के महत्वपूर्ण फैसलों और उनके प्रभाव पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में मतदाता सूची (Electoral Roll), मतदान प्रक्रिया और मतगणना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त से सीधे संवाद का अवसर
सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का संबोधन होगा, जिसमें वे चुनावी प्रक्रिया, पारदर्शिता और मीडिया की जिम्मेदारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखेंगे। उनके संबोधन के बाद पत्रकारों के लिए प्रश्नोत्तर सत्र भी निर्धारित किया गया है, जिसमें प्रतिभागी सीधे मुख्य चुनाव आयुक्त से सवाल पूछ सकेंगे।
झारखंड से भी होगा प्रतिनिधित्व
झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि यह सम्मेलन चुनाव संबंधी रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों के लिए उपयोगी साबित होगा। उनके अनुसार, राज्य से लगभग 10 से 12 पत्रकार इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में भाग लेने के लिए नई दिल्ली जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस पहल से मीडिया प्रतिनिधियों को निर्वाचन प्रक्रिया, कानून और तकनीकी पहलुओं की बेहतर समझ विकसित करने का अवसर मिलेगा।


