Monday, May 11, 2026

गुमला में 3 घरों के बुझे चिराग, सड़क हादसे में पांच लोगों की गयी जान

Share

गुमला में बीते 24 घंटे के दौरान चार सड़क हादसे हुए. इसमें दो छात्र समेत पांच की जान चली गयी. पुलिस ने सभी शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया.

 गुमला जिले में बीते 24 घंटे के अंदर चार सड़क हादसे हुए. जिसमें पीजी के दो छात्र सहित पांच लोगों की जान चली गयी. इसमें रायडीह प्रखंड के रहने वाले दो छात्र, गुमला में एक महिला, बिशुनपुर में एक वृद्ध और बसिया में एक युवक की जान गयी. पुलिस ने सभी पांच शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया.

रायडीह में बाइक सवार दो छात्रों की मौत

रायडीह थाना के बांसडीह घाटी के समीप सड़क दुर्घटना में बाइक सवार पीजी के दो छात्रों की मौत हो गयी. जबकि एक को गंभीर स्थिति में रिम्स रेफर किया गया है. मृतकों में कठगांव निवासी अजय कुजूर (26) व रामनाथ कोरवा (25) शामिल है. घटना के संबंध में परिजन वीरो कोरवा ने बताया कि अजय कुजूर (26) कठगांव डुमरी निवासी है. रामनाथ कोरवा और विमल टोप्पो (30) तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर गुमला से अपने गांव जा रहे थे. इस दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर घाटी के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. घटना की सूचना मिलने पर रायडीह थाना की पुलिस एसआई विनय कुमार साहू घटनास्थल पर पहुंचकर अजय कुजूर और राजनाथ कोरवा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुरुवार को सदर अस्पताल गुमला भेज दिया. वहीं, स्थानीय लोगों की मदद से घायल विमल टोप्पो को सदर अस्पताल गुमला ले जाया गया. जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया. परिजनों ने बताया कि अजय कुजूर व राजनाथ कोरवा दोनों गुमला शहर के दाउद नगर में किराये के मकान पर रहकर कार्तिक उरांव कॉलेज में पीजी की पढ़ाई कर रहे थे. जबकि अजय कुजूर सिसई रोड स्थित पेट्रोल पंप में कर्मी के रूप में काम करता था. जबकि राजनाथ बढ़ई मिस्त्री का काम करता था.

Read more

Local News