गिरिडीह: जिले में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और त्वरित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिला पुलिस को 32 नए वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। पपरवाटांड़ स्थित नई पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने वाहनों को हरी झंडी दिखाकर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि डायल-112 सेवा के तहत शामिल किए गए नए वाहनों से आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की प्रतिक्रिया पहले से अधिक तेज होगी। इससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि सभी नए वाहन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हैं। इनके संचालन से पुलिस की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जनसुरक्षा व्यवस्था को भी अधिक सशक्त बनाया जा सकेगा।
कार्यक्रम में जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इनमें डीएसपी नीरज सिंह, डीएसपी आर.के. राणा, एसडीपीओ जितवाहन उरांव, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी रतन सिंह, पंचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
