शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान ने ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ के साथ बतौर डायरेक्टर अपना अहम डेब्यू किया. नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुए अपने इस पहले प्रोजेक्ट से डायरेक्टर ने दर्शकों का दिल जीत लिया. लक्ष्य, बॉबी देओल और मोना सिंह जैसे अहम किरदारों वाली यह सीरीज रिलीज के बाद दर्शकों को खूब पसंद आई. पहले सीजन की जबरदस्त कामयाबी के बाद, खबर है कि इस सीरीज का दूसरा सीजन भी आएगा.
खबरों के मुताबिक, आर्यन खान की चर्चित सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ के दूसरे सीजन की तैयारी चल रही है. ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार, यह प्रोजेक्ट 2027 की पहली तिमाही में शुरू हो सकता है. हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन इस खबर ने फैंस के बीच उत्साह बढ़ा दिया है. वे यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि युवा फिल्ममेकर ने आगे क्या प्लान किया है.
एक सूत्र ने मीडिया को बताया कि आर्यन ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड 2’ के लिए काम कर रहे हैं. ऐसा लगता है कि इस बार मेकर्स एक नई कहानी बनाना चाहते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, ‘द बास्टर्ड्स ऑफ बॉलीवुड 2’ की स्क्रिप्ट लिखने का काम शुरू हो चुका है और उम्मीद है कि यह इस साल के आखिर तक चलेगा.
सूत्र ने बताया, ‘अभी मेन फोकस इस बात पर है कि कहानी लिखने का अंदाज नया और अनोखा हो, न कि सिर्फ पिछली बार सफल रही चीजों को दोहराया जाए. बिलाल सिद्दीकी, जिन्होंने पहले सीजन में अहम भूमिका निभाई थी, स्क्रिप्ट लिखने में सक्रिय रूप से शामिल है.’
वहीं, रजत बेदी ने कंफर्म किया कि ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड 2’ आ रही है. एक मीडिया से खास बातचीत में रजत ने बताया कि पहला सीजन सिर्फ एक टीजर था और ‘जराज’ का किरदार अभी और भी बहुत कुछ दिखाने वाला है. एक बड़ा खुलासा करते हुए उन्होंने कहा, ‘हां, सीजन 2 आ रहा है. इस पर काम चल रहा है. मुझे उम्मीद है कि दर्शक दूसरे सीजन में मुझे और ज्यादा देख पाएंगे.’
अगर सब कुछ प्लान के अनुसार हुआ, तो उम्मीद है कि यह सीरीज अगले साल प्रोडक्शन के फेज में पहुंच जाएगी. रिपोर्ट के अनुसार, लक्ष्य के नेतृत्व वाले इस प्रोजेक्ट की शूटिंग 2027 की पहली तिमाही तक शुरू होने की संभावना है. हालांकि, शूटिंग से जुड़े फैसले शायद तभी तय हो पाएंगे जब सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी शाहरुख़ खान की फिल्म इस साल दिसंबर में रिलीज हो जाएगी.


