केपटाउन में सितंबर में होगा 69वां राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन, झारखंड प्रतिनिधिमंडल की तैयारियों पर मंथन
रांची: झारखंड विधानसभा में सोमवार को राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (Commonwealth Parliamentary Association-CPA) की झारखंड शाखा की कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष एवं CPA झारखंड शाखा के सभापति रबीन्द्र नाथ महतो ने अपने कार्यालय कक्ष में की।
बैठक के दौरान सितंबर 2026 में दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में आयोजित होने वाले 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में झारखंड की भागीदारी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल के गठन, सम्मेलन में शामिल होने वाले सदस्यों और अन्य प्रशासनिक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया।
रबीन्द्र नाथ महतो ने बताया कि यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 13 से 19 सितंबर 2026 तक आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष सम्मेलन का मुख्य विषय “Strengthening International Law and Parliamentary Democracy in a Changing Global Order: The Commonwealth’s Leadership” निर्धारित किया गया है।
उन्होंने जानकारी दी कि सम्मेलन में संसदीय लोकतंत्र को और प्रभावी बनाने, कानून के शासन को मजबूत करने, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा तथा बदलते वैश्विक परिदृश्य में राष्ट्रमंडल देशों की भूमिका जैसे अहम विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा विभिन्न सदस्य देशों के प्रतिनिधि समसामयिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपने अनुभव और विचार साझा करेंगे।
बैठक में विधायक मथुरा प्रसाद महतो, दशरथ गागराई, प्रकाश राम, डॉ. नीरा यादव और ममता देवी उपस्थित रहीं। झारखंड विधानसभा सचिवालय के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार सहित अन्य अधिकारी भी इस दौरान मौजूद रहे।


