नई दिल्ली: अगर आप शुक्रवार, 27 नवंबर को बैंक जाने की योजना बना रहे हैं, तो पहले अपने शहर में बैंक की छुट्टी की जानकारी जरूर ले लें। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की छुट्टियों की सूची के मुताबिक, 27 नवंबर को देशभर में बैंक बंद नहीं रहेंगे। इस दिन सिर्फ बेंगलुरु में बैंक शाखाओं में अवकाश रहेगा। वहीं, इसके अगले दिन यानी 28 नवंबर को महीने का चौथा शनिवार होने के कारण देशभर में बैंक बंद रहेंगे।
ऐसे में जिन लोगों को चेक क्लियर कराने, नकदी जमा करने या बैंक से जुड़े अन्य जरूरी काम निपटाने हैं, उन्हें छुट्टियों का ध्यान रखकर अपनी योजना बनानी चाहिए।
27 नवंबर को बेंगलुरु में क्यों बंद रहेंगे बैंक?
RBI की छुट्टियों की सूची के अनुसार, 27 नवंबर को बेंगलुरु में कनकदास जयंती के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे। संत कनकदास 16वीं शताब्दी के प्रसिद्ध संत-कवि, दार्शनिक, संगीतकार और समाज सुधारक थे।
कर्नाटक में उनकी जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जाती है। इस अवसर पर राज्य में सार्वजनिक अवकाश रहता है। इसी वजह से बेंगलुरु में बैंक शाखाएं भी बंद रहेंगी।
28 नवंबर को पूरे देश में बैंक रहेंगे बंद
शुक्रवार के बाद शनिवार, 28 नवंबर को भी बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा। इसकी वजह महीने का चौथा शनिवार है। RBI के नियमों के अनुसार, हर महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को देशभर के बैंक बंद रहते हैं।
इसलिए बेंगलुरु के अलावा अन्य शहरों में रहने वाले लोगों को भी अपने बैंक से जुड़े जरूरी काम 27 नवंबर को निपटा लेने चाहिए। 28 नवंबर को बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।
