Ranchi News: JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में चल रहे आंदोलन के बीच छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित सत्याग्रह स्थल पर वापस जाने की अनुमति मांगी है। उन्होंने इस संबंध में सदर अस्पताल के सिविल सर्जन सह प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को पत्र भेजा है।
इलाज के बीच आंदोलन स्थल लौटने की इच्छा
देवेंद्र नाथ महतो ने पत्र में बताया कि 12 अगस्त को उनका अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का 11वां दिन है और फिलहाल वे सदर अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। उन्होंने आंदोलन जारी रखने की अपनी प्रतिबद्धता भी पत्र में व्यक्त की है।
उनके अनुसार, 10 अगस्त को विधानसभा घेराव के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के बाद उन्हें एंबुलेंस से सदर अस्पताल लाया गया था। इसके बाद से उनका उपचार अस्पताल में चल रहा है।
छात्रों के बीच वापस जाने की जताई इच्छा
पत्र में देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि बड़ी संख्या में छात्र और युवा अपनी मांगों को लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में आंदोलन स्थल से दूर रहना उन्हें मानसिक रूप से भी परेशान कर रहा है।
उन्होंने चिकित्सकीय स्थिति को देखते हुए सिविल सर्जन से सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और अस्पताल से सत्याग्रह स्थल जाने की अनुमति देने का अनुरोध किया है। उन्होंने यह भी कहा है कि अनुमति मिलने पर चिकित्सकों की ओर से बताए गए सभी जरूरी निर्देशों और सावधानियों का पालन करेंगे।
अब अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकीय टीम की ओर से उनके अनुरोध पर क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर नजर रहेगी।
