
सुप्रीम कोर्ट के 25 न्यायाधीश विशाखापत्तनम घूमने जाएंगे। उनके साथ परिवार के लोग भी होंगे। खास बात यह है कि न्यायाधीशों की यह यात्रा सरकारी नहीं बल्कि निजी खर्च पर होगी। 10 जनवरी को सभी न्यायाधीश आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम पहुंचेंगे। यहां दो दिनों तक पर्यटन का आनंद उठाएंगे। इस दौरान न्यायपालिका से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मंथन भी करेंगे।
भारत के प्रधान न्यायाधीश संजीव खन्ना सहित सुप्रीम कोर्ट के 25 न्यायाधीश आंध्र प्रदेश में विशाखापत्तनम जा रहे हैं। सर्वोच्च न्यायालय में कुल 32 न्यायाधीश इस वक्त कार्यरत हैं जिसमें से 25 न्यायाधीश 10 जनवरी को विशाखापत्तनम पहुंचेंगे।
वहां पर ये न्यायाधीश दो दिनों तक रहेंगे जिसमें न्यायपालिका से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चिंतन होगा। साथ ही परिवार के साथ विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर पर्यटन का भी आनंद उठाएंगे। इस दौरान कई बैठकों में न्यायाधीश हिस्सा लेंगे। साथ ही वहां फुल कोर्ट मीटिंग भी होगी।
अपने खर्च पर जाएंगे सभी न्यायाधीश
इस यात्रा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि न्यायाधीश सरकारी खर्च पर नहीं जाएंगे। सभी न्यायाधीश अपने खर्च पर जाएंगे। कुछ न्यायाधीश इसके लिए एलटीसी ले सकते हैं लेकिन कुछ न्यायाधीश एलटीसी भी नहीं ले रहें हैं। वे अपने खर्च पर जा रहे हैं।


