Thursday, August 13, 2026

हजारीबाग डीसी ने शिक्षा विभाग की समीक्षा की, लंबित सेवा संपुष्टि मामलों के त्वरित निपटारे का निर्देश.

Share

हजारीबाग: समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त हेमंत सती ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान स्कूलों में पढ़ाई की स्थिति, विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति, विभागीय कार्रवाई, शिक्षकों की सेवा संपुष्टि, स्थानांतरण और पाठ्यपुस्तकों के वितरण समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

उपायुक्त ने शिक्षकों की सेवा संपुष्टि से संबंधित सभी लंबित मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश दिया। साथ ही सर्विस बुक को अद्यतन रखने और विभागीय कार्रवाई से जुड़े मामलों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

स्कूलों के औचक निरीक्षण पर जोर

डीसी ने प्रशिक्षु समाहर्ता पूर्वा अग्रवाल को प्रखंडों का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में पठन-पाठन, विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति समेत शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच करने को कहा गया।

उन्होंने उच्च विद्यालयों के परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने और विद्यार्थियों की नियमित टेस्ट परीक्षा आयोजित करने पर जोर दिया। सभी विद्यालयों में छात्रों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने को भी प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

मध्याह्न भोजन की नियमित जांच कर उसकी गुणवत्ता बनाए रखने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने पर जोर

उपायुक्त ने कहा कि कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों में धाराप्रवाह पढ़ने-लिखने की क्षमता और बुनियादी विषयों की समझ विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

डीईओ और डीएसई को निर्देश दिया गया कि कक्षा 1 से 8 तक में 10 वर्ष से अधिक समय से कार्यरत तथा कक्षा 9 से 12 तक में छह वर्ष से अधिक समय से कार्यरत शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया नियमानुसार शुरू की जाए।

ड्रेस कोड का पालन अनिवार्य

डीसी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यार्थी निर्धारित स्कूल ड्रेस में ही विद्यालय आएं। शिक्षकों को भी निर्धारित ड्रेस कोड का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा गया।

बैठक में डीईओ नीलम कुमारी, डीएसई आकाश कुमार समेत सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मौजूद रहे।

Read more

Local News