जलालपुर के जीएस बंगरा में स्वतंत्रता दिवस पर सर्वोदय हाई स्कूल में छात्रों के दो गुटों में मारपीट और चाकूबाजी हो गई जिसमें दो छात्र घायल हो गए। पुलिस ने दो छात्रों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच कर रही है। सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने घायलों का हालचाल जाना और प्रशासन को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
जलालपुर प्रखंड के जीएस बंगरा स्थित सर्वोदय हाई स्कूल-सह-इंटर कालेज में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दिन माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। 15 अगस्त को ध्वजारोहण और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के बाद छात्रों के दो गुटों में विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट और चाकूबाजी में बदल गया।
इस घटना में दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में जीएस बंगरा के करण कुमार और रुदलपुर के शाहिद अली शामिल हैं। दोनों का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जलालपुर में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही एकमा के सदर अनुमंडल पदाधिकारी दो राजकुमार और जलालपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
छात्र के चेहरे पर किया चाकू से वार
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद किसी मामूली बात पर छात्रों के दो गुटों में कहासुनी हुई। विवाद इतना बढ़ा कि एक छात्र ने चाकू निकालकर दूसरे के चेहरे पर वार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के छात्रों में मारपीट शुरू हो गई और देखते ही देखते विद्यालय का माहौल रणभूमि में बदल गया।
दो छात्र को पुलिस ने लिया हिरासत में
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों गुटों से दो छात्रों को हिरासत में लिया और थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस पदाधिकारियों ने बताया कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
सांसद ने अस्पताल में जाना हाल
घटना की जानकारी मिलते ही महाराजगंज के भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल जलालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने प्रशासन को मामले में सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया।
नामांकन रद्द करने की तैयारी
विद्यालय के प्राचार्य जलाल यादव ने कहा कि मारपीट में शामिल छात्रों की पहचान की जा रही है। दोषी पाए जाने पर उनका नामांकन रद्द किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में इस तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जलालपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि फिलहाल स्थिति सामान्य है और अग्रतर विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस की सख्त निगरानी में स्थिति नियंत्रण में बनी हुई है।


