सिवान पुलिस ने कोलकाता ले जाए जा रहे 26 पशुओं की तस्करी को नाकाम कर दिया है। इस मामले में पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की सक्रियता से पशु तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है और आगे भी इस तरह की गतिविधियों पर नजर रखने की बात कही गई है।
सिवान। बसंतपुर नहर पुल के पास रविवार की अल सुबह पुलिस ने तस्करी कर ट्रक से कोलकाता ले जा रहे 26 पशुओं को बरामद किया। वहीं पांच पशु तस्कर भी गिरफ्तार किए गए।
- पुलिस ने मामले में कोलकाता के ट्रक मालिक सहित गिरफ्तार तस्करों के विरुद्ध प्राथमिकी की है। घटना के बाद तरह तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है।
- जानकारी के अनुसार सअनि विकास कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। उन्हें सूचना मिली कि बसंतपुर के रास्ते ट्रक से तस्करी के लिए पशुओं के ले जाया जा रहा है।
- उन्होंने इसकी सूचना थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह को दी व निर्देश मिलने के बाद नहर पुल के पास वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया। ट्रक को रुकने का इशारा किया गया तो वाहन चालक अनदेखी कर आगे बढ़ने लगा।
इसके बाद पुलिस ने बैरियर गिरा ट्रक को रोक लिया। ट्रक में सवार चालक गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी शंकर यादव, जीबी नगर थाना क्षेत्र का राजेंद्र प्रसाद, कन्हैया यादव व विजय यादव तथा गुठनी थाना क्षेत्र के पवन कुमार भागने का प्रयास करने लगे। जिसे पुलिस बलों ने विफल कर दिया।


