Tuesday, August 4, 2026

सावन की पहली सोमवारी पर धनबाद में भव्य शिव महाआरती, राजेंद्र सरोवर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़.

Share

धनबाद: सावन माह की पहली सोमवारी पर धनबाद में शिवभक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला। शहर के बेकारबांध स्थित राजेंद्र सरोवर में झारखंड इंडस्ट्रीज एंड ट्रेड एसोसिएशन (GITA) की ओर से लगातार पांचवें वर्ष भव्य शिव गंगा महाआरती का आयोजन किया गया। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए और भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

शाम से शुरू होकर देर रात तक चले इस धार्मिक आयोजन में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। वाराणसी से आए विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ महाआरती संपन्न कराई, जिससे कार्यक्रम को विशेष आध्यात्मिक स्वरूप मिला।

दीपों की रोशनी, शंखनाद, घंटियों की ध्वनि और डमरू की गूंज ने राजेंद्र सरोवर के वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। लगातार हो रही वर्षा के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और लोग पूरे श्रद्धाभाव से महाआरती में शामिल रहे।

महाआरती के अलावा भगवान शिव से जुड़ी आकर्षक झांकियां, पौराणिक कथाओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और हनुमान जी एवं वानर सेना की जीवंत झलकियां भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहीं। भक्ति संगीत और भजनों की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य भी मौजूद रहे। आयोजन में उपायुक्त आदित्य रंजन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, मेयर संजीव सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह तथा GITA के अध्यक्ष अमितेश सहाय सहित कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

आयोजकों ने बताया कि इस वार्षिक आयोजन का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, सामाजिक सद्भाव और आध्यात्मिक मूल्यों को बढ़ावा देना है। सावन की पहली सोमवारी पर आयोजित यह महाआरती श्रद्धालुओं के लिए भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक विरासत का विशेष संगम बनकर सामने आई।

Read more

Local News