Friday, November 27, 2026

सायरा मुंडा को श्रद्धांजलि देने घोड़ाबांधा पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन

Share

पत्नी कल्पना सोरेन के साथ पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा- राजनीतिक मतभेदों के बीच सामाजिक और व्यक्तिगत रिश्तों का भी महत्व

जमशेदपुर: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ हवाई मार्ग से जमशेदपुर के घोड़ाबांधा पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के आवास जाकर उनकी दिवंगत मां सायरा मुंडा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए और उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान पूर्वी सिंहभूम जिले के झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक भी मौजूद रहे। विधायकों ने सायरा मुंडा के चित्र पर फूल-मालाएं चढ़ाकर उन्हें नमन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों ने अर्जुन मुंडा तथा उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना जताई और इस कठिन समय में परिवार का हौसला बढ़ाया।

व्यक्तिगत रिश्तों का भी अपना महत्व : मुख्यमंत्री

श्रद्धांजलि देने के बाद हेमंत सोरेन ने कहा कि राजनीतिक गतिविधियों के साथ सामाजिक और निजी संबंध भी बने रहते हैं। इन्हीं रिश्तों के सम्मान में वह सायरा मुंडा को श्रद्धांजलि देने घोड़ाबांधा आए हैं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

संसद के विशेष सत्र पर भी रखी बात

संसद के प्रस्तावित विशेष सत्र से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के कामकाज और विभिन्न विषयों को आगे बढ़ाने की संवैधानिक प्रक्रियाएं होती हैं। विशेष सत्र आयोजित होगा और उसमें चर्चा भी होगी। बहस के बाद जो बातें सामने आएंगी, उनके आधार पर आगे अपनी बात रखेंगे।

23 नवंबर को हुआ था सायरा मुंडा का निधन

गौरतलब है कि अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का 23 नवंबर को 93 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थीं और इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती थीं। अस्पताल में उपचार के दौरान रात 1 बजकर 40 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली।

Read more

Local News