‘काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी’ को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है. इस फिल्म को लेकर बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने मेकर्स के खिलाफ लीगल कार्यवाही की है. दबंग स्टार की टीम ने मेकर्स को एक नोटिस भेजा है, जिसमें इसकी रिलीज रोकने की मांग की गई है. इस पर प्रोड्यूसर अमित जानी की प्रतिक्रिया भी आई है.
डीएसके लीगल ने एक्टर सलमान सलीम खान की तरफ से कास्टिंग डायरेक्टर अक्षय पांडे को एक लीगल नोटिस भेजा है, जिसमें मांग की गई है कि ‘काला हिरण’ नाम की एक फिल्म के डेवलपमेंट और प्रमोशन को तुरंत रोक दिया जाए. यह नोटिस 24 अप्रैल 2026 है.

इस नोटिस में आरोप लगाया गया है कि यह प्रोजेक्ट एक्टर के ब्लैकबक शिकार केस से इंस्पायर है, और यह दावा किया गया है कि यह फिल्म खान की छवि को नुकसान पहुंचा सकती है, चल रही कानूनी कार्यवाही में दखल दे सकती है, और उनके पर्सनैलिटी राइट्स का उल्लंघन कर सकती है.
कानूनी नोटिस में यह तर्क दिया गया है कि काले हिरण का मामला अभी भी राजस्थान हाई कोर्ट में लंबित है, और यह दावा किया गया है कि इस मामले पर आधारित कोई फिल्म बनाना न्याय प्रशासन में हस्तक्षेप के बराबर हो सकता है. इसमें यह भी कहा गया है कि इस मामले का कोई भी सनसनीखेज चित्रण सलमान खान के प्रति पूर्वाग्रह पैदा कर सकता है और उनके निष्पक्ष सुनवाई के अधिकार से समझौता कर सकता है.

नोटिस में फिल्म मेकर्स पर यह आरोप भी लगाया गया है कि वे एक्टर और इस प्रोजेक्ट के बीच एक कथित जुड़ाव बनाकर, सलमान खान की शोहरत और साख से फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं. नोटिस में फिल्म को मानहानिकारक भी बताया गया है. इसमें दावा किया गया है कि इस प्रोजेक्ट का मकसद एक्टर की छवि पर विवाद खड़ा करना और लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचना है.
नोटिस में यह आरोप लगाया गया है कि फिल्म में सलमान खान और उनसे जुड़ी घटनाओं के ऐसे संदर्भ शामिल हैं जिनकी पहचान की जा सकती है. अभिनेता की कानूनी टीम का कहना है कि अगर इन संदर्भों का इस्तेमाल बिना उनकी सहमति के किया जाता है, तो इससे उनके व्यक्तित्व के अधिकार, निजता के अधिकार और प्रचार के अधिकारों का उल्लंघन होगा.

विवादित फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ के बाद, प्रोड्यूसर अमित जानी और डायरेक्टर भारत एस. श्रीनाते ने कुछ दिन पहले ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी’ नाम की एक फिल्म का एलान किया था. यह फिल्म सलमान खान के 1998 के काले हिरन शिकार मामले पर आधारित है, और इसका पोस्टर सोशल मीडिया पर पहले ही काफी चर्चा बटोर चुका है. फिल्म के मेकर्स 21 जून, 2026 को इसका टीजर रिलीज करने की पूरी तैयारी में हैं.


