Saturday, August 1, 2026

श्रावणी मेले के दौरान रांची में बदली ट्रैफिक व्यवस्था, 2 से 28 अगस्त तक कई मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध.

Share

रांची: श्रावणी मेले के दौरान पहाड़ी मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रांची यातायात पुलिस ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया है। नई व्यवस्था 2 अगस्त से 28 अगस्त 2026 तक प्रभावी रहेगी। खासतौर पर सोमवार को मंदिर में अधिक भीड़ होने के कारण विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा।

यातायात विभाग ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल तय किए हैं। कटहल मोड़, तिलता चौक, रातू-पिस्का मोड़ और आसपास के इलाकों से आने वाले वाहन बिरला मैदान पार्किंग में खड़े किए जाएंगे।

वहीं, धुर्वा, तुपुदाना, बिरसा चौक, हिनू, डोरंडा, मेन रोड, रेडियम चौक, लालपुर, कांटाटोली, हरमू और अरगोड़ा की ओर से आने वाले श्रद्धालु बानो मंजिल रोड स्थित मैदान में अपने वाहन पार्क कर सकेंगे।

इसके अलावा, कांके, पिठोरिया, बूटी मोड़, रिम्स, करमटोली और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों के लिए रांची विश्वविद्यालय के फुटबॉल मैदान (मोरहाबादी) को पार्किंग स्थल के रूप में निर्धारित किया गया है।

यातायात पुलिस के अनुसार, श्रावणी मेले की अवधि में शनि मंदिर, दुर्गा मंदिर, मीनाक्षी गली, गोशाला और बालाजी मंदिर से पहाड़ी मंदिर जाने वाले मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। भीड़ की स्थिति को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी अस्थायी डायवर्जन या यातायात प्रतिबंध लागू किए जा सकते हैं।

पुलिस ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे पहाड़ी मंदिर के आसपास सड़कों पर वाहन खड़ा करने से बचें और केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। इससे यातायात सुचारू रहेगा और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

Read more

Local News