Saturday, July 18, 2026

श्रावणी मेले की सुरक्षा के लिए झारखंड पुलिस की तैयारी तेज, 69 डीएसपी स्तर के अधिकारियों की तैनाती.

Share

रांची: राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए झारखंड पुलिस मुख्यालय ने राज्य पुलिस सेवा के 69 पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) और वरीय पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति का आदेश जारी किया है। इन अधिकारियों की तैनाती 25 जुलाई से 31 अगस्त तक की अवधि के लिए की गई है।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश के अनुसार, इन अधिकारियों को देवघर, दुमका और रेल धनबाद क्षेत्र में ड्यूटी सौंपी जाएगी। प्रतिनियुक्त अधिकारियों में झारखंड सशस्त्र पुलिस (JAP), इंडियन रिजर्व बटालियन (IRB), स्पेशल टास्क फोर्स (STF), एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS), विशेष शाखा, जंगल वारफेयर स्कूल और अन्य पुलिस इकाइयों में कार्यरत अधिकारी शामिल हैं।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए फैसला

हर वर्ष श्रावणी मेले में देशभर से लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं। संभावित भीड़ को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अतिरिक्त अधिकारियों की तैनाती की गई है।

मुख्यालय ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे 25 जुलाई को संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के समक्ष योगदान देकर अपनी जिम्मेदारी संभालें।

अनुपस्थिति की स्थिति में होगी वैकल्पिक व्यवस्था

जारी आदेश में यह भी कहा गया है कि यदि कोई प्रतिनियुक्त अधिकारी अवकाश या किसी अन्य कारण से ड्यूटी पर उपलब्ध नहीं हो पाता है, तो संबंधित नियंत्रण अधिकारी उसकी जगह तुरंत दूसरे अधिकारी की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करेंगे, ताकि सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो।

मेला समाप्त होने के बाद लौटेंगे मूल पदस्थापन स्थल

पुलिस मुख्यालय ने निर्देश दिया है कि श्रावणी मेला समाप्त होने के बाद संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षक प्रतिनियुक्त अधिकारियों को उनके मूल पदस्थापन स्थल पर वापस भेजने की प्रक्रिया सुनिश्चित करेंगे।

श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग ने इस बार व्यापक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है।

Read more

Local News