गयाजी: बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान गयाजी में मतदाताओं को धमकाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. मामला जिले के सिंधुगढ़ थाना क्षेत्र के बंदा गांव का है.
आरोप है कि यहां कुछ शरारती तत्वों ने वोटरों को धमकाया और मतदान में बाधा डालने की कोशिश की. इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों में अजय कुमार, रोशन कुमार और आयुष कुमार शामिल हैं.
वरीय पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को भयमुक्त, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने का निर्देश किया गया था, इसी क्रम में सिंधुगढ़ थाना को सूचना प्राप्त हुई कि तीन व्यक्ति द्वारा बंदा मतदान केंद्र पर अपने समर्थित पार्टी के पक्ष में वोट करने के लिए लाइन में लगे मतदाताओं पर दबाव दिया जा रहा है. इस पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मतदान केंद्र से तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है.
गयाजी में 10 विधानसभा सीटों पर मतदान: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में गयाजी समेत 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान हो रहा है. गयाजी जिले में कुल 10 विधानसभा सीटें हैं- बेलागंज, गया टाउन, बोधगया, टिकारी, शेरघाटी, बाराचट्टी (SC), अतरी, इमामगंज (SC), गुरुवा और वजीरगंज.

शांतिपूर्ण माहौल में वोटिंग: अधिकारियों के मुताबिक, गयाजी जिले में सुबह से शांतिपूर्ण माहौल में मतदान हो रहा है. फिलहाल वोटिंग के दौरान किसी भी जगह से अप्रिय घटना की सूचना नहीं है. वहीं, मतदान को लेकर हर जगह लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला. सुबह 7 बजे से ही मतदान केंद्रों पर वोटर्स की लंबी-लंबी कतारें दिखीं.
11 बजे तक 31.38 प्रतिशत मतदान: दूसरे चरण में भी मतदाता जमकर वोटिंग कर रहे हैं. 20 जिलों की 122 सीटों पर सुबह 11 बजे तक औसत 31.38 प्रतिशत मतदान हुआ. चार घंटों में गयाजी जिले में 10 सीटों पर औसत 34.07 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.
साइकिल से मतदान करने पहुंचे भाजपा प्रत्याशी: गयाजी में भाजपा प्रत्याशी और पूर्व मंत्री डॉ. प्रेम कुमार साइकिल से मतदान करने पहुंचे. उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन को देखते हुए वह साइकिल से मतदान करने पहुंचे. ताकि एक अच्छा मैसेज जाए. गया शहर से भाजपा प्रत्याशी प्रेम कुमार ने दावा किया कि इस बार एनडीए 200 से ज्यादा सीटें जीतेगा. उन्होंने एनडीए को पहले चरण में 100 और दूसरे चरण में 100 सीटें मिलाकर 200 सीट मिलेगी. डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि वह आठ बार जीत चुके हैं और नौवीं बार भी जीतेंगे. उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा के साथ-साथ जनता का भी आशीर्वाद है. कमल खिलेगा और एनडीए की विजय होगी. बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी.
जन सुराज के प्रत्याशी ने वोट डाला: वहीं, गया शहर क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी धीरेंद्र अग्रवाल ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया. पोलिंग बूथ के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने अपनी जीत का दावा किया. उन्होंने कहा कि पिछले 35 वर्षों से गयाजी का विकास रुक गया था , जनता ने इस बार बदलाव का मन बनाया है और हमें आशा है कि इस बार जन सुराज के प्रत्याशी की जीत यहां से सुनिश्चित है.
गयाजी टाउन से तीन बड़े नेता चुनाव मैदान में: गयाजी टाउन विधानसभा क्षेत्र से तीन बड़े नेता इस बार चुनाव मैदान में हैं. इनमें भाजपा की ओर से पिछले 35 वर्षों से विधायक डॉ प्रेम कुमार प्रत्याशी हैं जबकि कांग्रेस के प्रत्याशी अखोरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव हैं. मोहन श्रीवास्तव 10 वर्षों तक गयाजी नगर निगम के डिप्टी मेयर भी रह चुके हैं. इस बार त्रिकोणीय मुकाबला बनाने में जन सुराज के प्रत्याशी और भाजपा के पूर्व सांसद धीरेंद्र अग्रवाल भी लगे हैं. धीरेंद्र अग्रवाल जन सुराज की टिकट पर चुनाव लड रहे हैं. धीरेंद्र अग्रवाल ने कहा कि यहां जनता उनकी तरफ से चुनाव लड़ रही है. सभी समाज और वर्ग का समर्थन मिला है.


