Wednesday, July 1, 2026

विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट शुल्क में बढ़ोतरी की है….

Share

नई दिल्ली: भारत में आज से पासपोर्ट बनवाना और उससे जुड़ी सेवाएं लेना काफी महंगा हो गया है. विदेश मंत्रालय (MEA) द्वारा लागू किया गया नया शुल्क ढांचा आज से पूरे देश के साथ-साथ विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में भी प्रभावी हो गया है. मंत्रालय के अनुसार, प्रशासनिक खर्चों और तकनीकी अपग्रेडेशन के कारण करीब 14 साल बाद इन शुल्कों में यह बड़ी बढ़ोतरी की गई है.

  • नए नियमों के तहत नए पासपोर्ट आवेदन, रिन्यूअल, तत्काल सेवा, खोए या क्षतिग्रस्त पासपोर्ट को दोबारा बनवाने और पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (PCC) समेत लगभग सभी सेवाओं की फीस बढ़ा दी गई है.
  • सामान्य और तत्काल पासपोर्ट की नई दरें
    वयस्कों के लिए सामान्य श्रेणी में 36 पन्नों के नए पासपोर्ट या रिन्यूअल की फीस 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दी गई है. वहीं, 60 पन्नों वाले जंबो पासपोर्ट के लिए अब 2,000 रुपये के बजाय 3,500 रुपये देने होंगे.
  • यदि आप तत्काल योजना के तहत पासपोर्ट बनवाना चाहते हैं, तो जेब और ढीली करनी होगी. 36 पन्नों के तत्काल पासपोर्ट की फीस 3,500 रुपये से बढ़कर 5,000 रुपये हो गई है. इसी तरह 60 पन्नों के तत्काल पासपोर्ट के लिए अब 4,000 रुपये की जगह सीधे 6,000 रुपये का भुगतान करना होगा.
  • बच्चों और अन्य सेवाओं के लिए बढ़े दाम
    18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए भी सेवाएं महंगी हो गई हैं. बच्चों के 36 पन्नों के सामान्य पासपोर्ट की फीस 1,000 रुपये से बढ़ाकर 1,750 रुपये और तत्काल श्रेणी में 3,000 रुपये से बढ़ाकर 4,250 रुपये कर दी गई है. इसके अलावा, पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (PCC) और अन्य विविध प्रमाणपत्रों का शुल्क 500 रुपये से बढ़ाकर 750 रुपये कर दिया गया है.
  • पासपोर्ट खोने या खराब होने पर जुर्माना और फीस
    अगर आपका पासपोर्ट खो जाता है या डैमेज हो जाता है, तो रिप्लेसमेंट पासपोर्ट के लिए वयस्कों को सामान्य श्रेणी में 5,000 रुपये (पहले 3,000 रुपये) और 60 पन्नों के लिए 6,000 रुपये चुकाने होंगे. 60 पन्नों के रिप्लेसमेंट के लिए तत्काल फीस 8,500 रुपये तय की गई है. बच्चों के खोए पासपोर्ट को सामान्य श्रेणी में दोबारा बनवाने की फीस 4,250 रुपये और तत्काल में 6,750 रुपये होगी.

वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों को छूट
राहत की बात यह है कि 8 वर्ष से कम उम्र के बच्चों और 60 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को नए पासपोर्ट आवेदन पर 10 प्रतिशत की छूट मिलती रहेगी. हालांकि, यह छूट पासपोर्ट री-इश्यू के मामलों में लागू नहीं होगी. विदेशों में रहने वाले भारतीयों के लिए सामान्य 36 पन्नों के पासपोर्ट की फीस अब 125 डॉलर और तत्काल के लिए 250 डॉलर होगी

Read more

Local News