हिंदू धर्म के अनुसार घरों में धूनी (धूप) देने की परंपरा काफी प्राचीन है. धूप देने से मन को शांति और प्रसन्नता मिलती है. साथ ही, मानसिक तनाव दूर करने में भी इससे बहुत लाभ मिलता है. घरों में धूनी देने के लिए कई तरह की चीजें आती है. जानते हैं दिल्ली के वैदिक ज्योतिष और वास्तु एक्सपर्ट आदित्य झा से..
कर्पूर और लौंग की धूनी – सुख-समृद्धि और वास्तु दोष से मुक्ति: रोज सुबह और शाम कर्पूर और लौंग जलाकर घर में धूनी देने से घर में पवित्रता बनी रहती है. इससे नकारात्मक शक्तियों का नाश होता है. वास्तु दोष दूर होते हैं. धन और सुख-शांति बनी रहती है. आरती या पूजा के बाद इसका प्रयोग विशेष रूप से शुभ माना जाता है.
गुग्गल की धूनी – मानसिक शांति और गृहकलह से राहत: गुग्गल को कंडे (गोइठा) पर रखकर जलाने से मन शांत होता है और घर का माहौल बेहतर बनता है. सप्ताह में एक बार इसकी धूनी देने से गृहकलह दूर होता है. यह मस्तिष्क विकारों के लिए भी लाभकारी मानी जाती है. इससे घर में शांति और एकाग्रता बढ़ती है.
पीली सरसों, लोबान और गौघृत – नकारात्मक ऊर्जा से छुटकारा: पीली सरसों, गुग्गल, लोबान और गौघृत को मिलाकर सूर्यास्त के समय जलाने से बुरी शक्तियों का नाश होता है. यह उपाय लगातार 21 दिनों तक किया जाए तो सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है. घर में लक्ष्मी का वास होता है और धन-संपत्ति की प्राप्ति होती है.
नीम के पत्ते की धूनी – रोगों से सुरक्षा और स्वास्थ्य लाभ: नीम एक प्राकृतिक कीटाणुनाशक है. नीम की पत्तियों को जलाकर धूनी देने से घर के रोगाणु और कीटाणु नष्ट हो जाते हैं. बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है. सप्ताह में एक या दो बार यह उपाय करें.
धूपबत्ती – धन की आवक में वृद्धि: यदि घर में पैसा टिक नहीं रहा हो या आर्थिक परेशानियां चल रही हों, तो रोजाना महाकाली के सामने धूपबत्ती लगाएं. शुक्रवार को काली मंदिर में जाकर पूजा करें. यह उपाय आश्चर्यजनक रूप से लाभकारी माना गया है.
लोबान की धूनी – नकारात्मक शक्तियों से सुरक्षा: लोबान को सुलगते कंडे या अंगारे पर रखकर जलाने से एक विशेष प्रकार की सुगंध उत्पन्न होती है. इसे जलाने से सकारात्मक ऊर्जा आकर्षित होती है. कहा जाता है कि इससे पारलौकिक शक्तियां प्रसन्न होती हैं. सावधानी: इसे बिना जानकार व्यक्ति से सलाह लिए न जलाएं.
शनिदोष और तांत्रिक प्रभाव से मुक्ति: शनि दोष दूर करने के लिए हर शनिवार पीपल के पेड़ के नीचे दीया जलाएं और धूप दें. तांत्रिक प्रभाव हटाने के लिए जावित्री, गायत्री, केसर और गुग्गल की मिश्रित धूनी दें. यह प्रक्रिया लगातार 21 दिनों तक करें.
वास्तु दोष से छुटकारा – कपूर की धूनी का महत्व: रोज सुबह-शाम कपूर जलाकर पूरे घर में घुमाने से नकारात्मक ऊर्जा समाप्त होती है. वास्तु दोष दूर होते हैं. घर में शांतिपूर्ण वातावरण बना रहता है.


