पलामू: हुसैनाबाद क्षेत्र में बिहार के एक मामले में वांटेड नक्सली को पकड़ने के बाद कथित तौर पर छोड़ देने का मामला सामने आया है। घटना 22 सितंबर की रात की बताई जा रही है। मामले में पलामू एसपी कपिल चौधरी ने कार्रवाई करते हुए दंगवार ओपी प्रभारी वीरेंद्र मेहता को पद से हटाकर पुलिस लाइन में योगदान देने का निर्देश दिया है।
पुलिस के अनुसार, वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान दंगवार ओपी प्रभारी ने मोतिहारी जिले के एक नक्सली मामले में वांटेड राजेंद्र पासवान को रात करीब 12 बजे पकड़ा था। आरोप है कि गिरफ्तारी के कुछ समय बाद उसे छोड़ दिया गया। दंगवार क्षेत्र बिहार की सीमा से सटा हुआ है।
एसपी ने गठित की जांच टीम
मामले की जानकारी मिलने के बाद एसपी कपिल चौधरी ने हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांशु शुक्ला के नेतृत्व में जांच टीम गठित की। जांच के दौरान राजेंद्र पासवान को पकड़े जाने और बाद में छोड़े जाने की पुष्टि हुई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर दंगवार ओपी प्रभारी वीरेंद्र मेहता के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई। उन्हें ओपी प्रभारी के पद से हटाकर लाइन हाजिर कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
