लातेहार: जिले के चंदवा प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय तुरीसोत के एक सरकारी स्कूल ने मिसाल पेश की है. सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्र में स्थित इस विद्यालय ने अपने अनुकरणीय प्रयासों से न केवल जिले बल्कि पूरे राज्य का नाम रोशन किया है. विद्यालय में स्वच्छता, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर शिक्षकों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयास से विद्यालय परिसर स्वच्छ, व्यवस्थित और हराभरा नजर आता है.
स्कूल की इस सामूहिक प्रयासों के चलते भारत सरकार की स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग 2025-26 में विद्यालय को देश के उत्कृष्ट विद्यालयों में स्थान दिया गया है. इस उपलब्धि के साथ विद्यालय को केंद्र सरकार की ओर से एक लाख रुपए विशेष प्रोत्साहन राशि और शिक्षकों को प्रशिक्षण व एक्सपोजर विजिट का अवसर भी मिलेगा.
तीन स्तर में मॉनिटरिंग के बाद किया गया चयन
बता दें कि भारत सरकार द्वारा स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग 2025-26 योजना के तहत बेहतर कार्य करने वाले विद्यालयों के चयन के लिए तीन स्टेज में अलग-अलग बिंदुओं को फोकस करते हुए सर्वे का काम किया था. जिसे मुख्य रूप से स्कूल में बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना, जल संरक्षण, ठोस एवं तरल अवशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण समेत और कई बिंदुओं पर विद्यालय में सामूहिक रूप से हो रहे कार्यों की सर्वे की गई थी.

इसके बाद विद्यालयों को उनके यहां किए गए कार्यों से संबंधित पॉइंट देखकर रेटिंग दिया गया. इसमें तुरीसोत विद्यालय को 90.64 अंक प्राप्त हुए. इस उपलब्धि को हासिल करने वाला यह विद्यालय लातेहार जिले और पलामू प्रमंडल का एकमात्र विद्यालय है. जबकि झारखंड के कुल तीन विद्यालयों शामिल है. विद्यालय को इतनी बेहतर स्थिति में पहुंचाने में विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजय कुमार पासवान के साथ-साथ अन्य शिक्षकों और विद्यार्थियों तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों की भूमिका महत्वपूर्ण रही.

अधिकारियों में भी है खुशी का माहौल
इधर विद्यालय की इस उपलब्धि पर जिले के अधिकारियों में भी हर्ष का माहौल है. लातेहार डीसी संदीप कुमार, विकास आयुक्त सैयद रियाज अहमद, जिला शिक्षा अधीक्षक गौतम कुमार साहू आदि ने विद्यालय की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए विद्यालय के शिक्षक और वहां के विद्यार्थियों को बधाई दी. जिला शिक्षा अधीक्षक गौतम कुमार साहू ने बताया कि यह केंद्र सरकार की योजना है, जिसमें बेहतर विद्यालयों को स्वच्छ एवं हरित विद्यालय के रूप में चिन्हित किया जाता है.
डीईओ ने बताया कि लातेहार के तुरीसोत मध्य विद्यालय को इस योजना के तहत एक लाख रुपए का प्रोत्साहन राशि मिलेगा. जबकि विद्यालय के प्रधानाध्यापक को एक्सपोजर का मौका मिलेगा. वहीं लातेहार डीसी संदीप कुमार ने कहा कि यह लातेहार जिले के साथ-साथ पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि अन्य विद्यालयों को भी इनसे सीख लेकर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जल संरक्षण के दिशा में बेहतर काम करने की प्रेरणा मिलेगी.


