रामगढ़ जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने विशेष सड़क सुरक्षा एवं हेलमेट जांच अभियान चलाया। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर चितरपुर-रजरप्पा मुख्य मार्ग पर जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) राजेश एक्का के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान दुपहिया वाहनों की गहन जांच की गई। बिना हेलमेट वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग करने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को रोककर कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग की टीम ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियम तोड़ने वाले कई वाहन चालकों का ऑनलाइन चालान काटा और मौके पर जुर्माना भी वसूला। वहीं, कुछ लोगों को चेतावनी देकर भविष्य में नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।
इस दौरान डीटीओ राजेश एक्का ने वाहन चालकों से सीधे संवाद कर सड़क सुरक्षा का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें, क्योंकि सड़क दुर्घटनाएं कभी भी हो सकती हैं।
डीटीओ ने बताया कि उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। आने वाले दिनों में रामगढ़ शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों और दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स पर भी सघन जांच अभियान चलाया जाएगा।
जिला प्रशासन ने नागरिकों, खासकर युवाओं से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें तथा वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज हमेशा साथ रखें। अभियान में जिला परिवहन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय थाना पुलिस के जवान मौजूद रहे।


