Saturday, July 11, 2026

राजकीय श्रावणी मेला 2026 के मद्देनजर देवघर नगर निगम ने मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है

Share

देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 के मद्देनजर देवघर नगर निगम ने मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में श्रद्धालुओं के निर्बाध आवागमन और स्वच्छ व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मेला मार्गों पर विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटाते हुए करीब 89 छोटी-बड़ी दुकानों को हटाया गया।

नगर प्रबंधक प्रकाश मिश्रा और सतीश कुमार दास के नेतृत्व में शुरू हुआ यह अभियान नेहरू पार्क से शिवगंगा गली, आरती घाट और लक्ष्मीपुर चौक सहित मेला क्षेत्र के कई प्रमुख मार्गों तक चला। इस दौरान नगर निगम, टाउन थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने सड़क और पैदल मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई में सफाई सह खाद निरीक्षक दीपक महतो, सुनील कुमार मेहता और प्रेम राज भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान निगम की टीम को एक दुकान के सामने नाला भवन निर्माण सामग्री से बंद मिला, जिससे जल निकासी प्रभावित हो रही थी। संबंधित दुकानदार को तत्काल सामग्री हटाने का निर्देश दिया गया। निगम की निगरानी में नाले की सफाई कराकर जल निकासी व्यवस्था बहाल कराई गई।

अभियान के दौरान अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों से नियमानुसार जुर्माना भी वसूला गया। साथ ही उन्हें चेतावनी दी गई कि दोबारा सड़क या फुटपाथ पर कब्जा करने अथवा नालियों में कचरा और निर्माण सामग्री डालने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के देवघर पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए मेला मार्गों और सार्वजनिक स्थलों को पूरी तरह व्यवस्थित रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। दुकानदारों से निर्धारित सीमा के भीतर ही दुकान लगाने और नगर निगम के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

Read more

Local News