पटना में 115 करोड़ की मंदिरी नाला-सड़क परियोजना का उद्घाटन हुआ, जिससे जल निकासी और यातायात सुगम होगा। यह परियोजना नेहरू पथ को अशोक राजपथ से जोड़ेगी, जिससे शहर के कई वार्डों को सीधा लाभ मिलेगा।
पटना। राजधानी की बहुप्रतीक्षित मंदिरी नाला-सड़क परियोजना (नवीन किशोर सिन्हा पथ) का पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड की देखरेख में पूरा कर लिया गया है।
सोमवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया।
सुदृढ़ होगी जलनिकासी व्यवस्था, यातायात होगा सुगम
115 करोड़ की यह परियोजना के पूर्ण होने से न केवल शहर की जलनिकासी व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि मंदिरी नाले को ढंककर बनाए गए दो लेन संपर्क पथ पर वाहन फर्राटा भरते नजर आएंगे।
नेहरू पथ (बेली रोड) पर आयकर चौराहा से दानापुर–बांकीपुर पथ स्थित बांस घाट तक 1289 मीटर लंबा बाक्स ड्रेन एवं दो लेन संपर्क मार्ग का निर्माण किया गया।
मंदिरी नाले का जीर्णोद्धार कर उसे ढंका गया, जिससे ऊपर आधुनिक सड़क का निर्माण संभव हो सका। कुल छह कल्वर्ट बनाए गए।
छह प्रमुख कैचमेंट क्षेत्रों के पानी की निकासी इसी नाले के माध्यम से होगी। इस सड़क से नेहरू पथ (बेली रोड) और अशोक राजपथ के बीच सीधी संपर्कता स्थापित होगी।
मंदिरी परियोजना से बदलेगी तस्वीर, जलनिकासी के साथ बेहतर यातायात
मंदिरी नाला-सड़क परियोजना के पूर्ण होने से न केवल शहर की जलनिकासी व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि मंदिरी नाले को ढंककर बनाए गए दो लेन संपर्क पथ पर गाड़ियां फर्राटा भरेंगी।
1289 मीटर लंबे इस बाॅक्स ड्रेन सह सड़क निर्माण के लिए मंदिरी नाले का जीर्णोद्धार कर उसे ढंका गया। इसके बाद उसपर सड़क का निर्माण किया गया।
नेहरू पथ से अशोक राजपथ तक मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
मंदिरी नाला परियोजना के तहत बनने वाली सड़क से नेहरू पथ (बेली रोड) और अशोक राजपथ के बीच सीधी संपर्कता स्थापित होगी।
इससे वार्ड 21, 24, 25, 26 और 27 की बड़ी आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। वैकल्पिक मार्ग मिलने से इन क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम होगा और जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
मंदिरी नाला में मिलेंगे ये नाले
एसपी वर्मा रोड, मीठापुर, गर्दनीबाग, बाबू बाजार, धोबीघाट, ईको पार्क, छज्जुबाग, एमएलए फ्लैट तथा सिंचाई भवन।
मंदिरी नाला परियोजना की प्रमुख विशेषताएं
- नेहरू पथ (बेली रोड) पर आयकर चौराहा से दानापुर–बांकीपुर पथ स्थित बांस घाट तक 1289 मीटर लंबा बाक्स ड्रेन एवं दो लेन का संपर्क मार्ग।
- सर्विस रोड के साथ नाला निर्माण तथा यूटिलिटी डक्ट की सुविधा।
- नियमित साफ-सफाई के लिए दो रैंप और तीन डिसिल्टिंग चैंबर की व्यवस्था।
- जल निकासी के प्रभावी संचालन एवं नियंत्रण के लिए चार स्लुइस गेट।
- सड़क के सुंदरीकरण के लिए आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग के साथ लैंडस्केपिंग।
कार्यक्रम में इनकी भी रही उपस्थिति
उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधायक संजीव चौरसिया, महापौर सीता साहू, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नगर विकास एवं आवास के प्रधान सचिव विनय कुमार, प्रमंडलीय आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर।


