Tuesday, June 16, 2026

रागमढ़ में आयोजित तीन दिवसीय 21वीं उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हो गया.

Share

रामगढ़: तीन दिन तक चले 21वीं उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का सोमवार को रामगढ़ में भव्य समापन हुआ. इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान रामगढ़ जिला पुलिस ने ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया.

इस समारोह के दौरान अचानक मैदान में बारिश और प्रतिकूल मौसम के बावजूद पुलिस जवानों के उत्साह, अनुशासन और खेल भावना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि चुनौतियां चाहे कितनी भी बड़े हो, हौसले उनसे कहीं बड़े होते हैं. इस समापन समारोह का आकर्षण भव्य मार्च पास्ट, आकर्षक परेड, आतिशबाजी और विजेता खिलाड़ियों का सम्मान समारोह रहा.

Conclusion of 21st North Chotanagpur Regional Police Sports Competition held in Ramgarh

इस प्रतियोगिता में रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, कोडरमा और चतरा जिले के पुलिस पदाधिकारियों एवं जवान खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. वॉलीबॉल, फुटबॉल, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, क्रिकेट, एथलेटिक्स सहित एक दर्जन से अधिक खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.

समारोह के मुख्य अतिथि उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के डीआईजी अंजनी कुमार झा ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पुलिस बल में खेलकूद का महत्व केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है. खेल जवानों को शारीरिक रूप से फिट, मानसिक रूप से मजबूत और टीम भावना से परिपूर्ण बनाते हैं.

Conclusion of 21st North Chotanagpur Regional Police Sports Competition held in Ramgarh

डीआईजी अंजनी कुमार झा ने कहा कि भारी बारिश के बावजूद जिस उत्साह और समर्पण के साथ जवानों ने प्रतियोगिता में भाग लिया, वह सराहनीय है. खेलकूद पुलिस बल में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और आपसी समन्वय को मजबूत करता है. ऐसे आयोजन जवानों के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं.

इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी प्रतिभा को और बड़ा मंच प्राप्त होगा.

Conclusion of 21st North Chotanagpur Regional Police Sports Competition held in Ramgarh

समापन समारोह के दौरान प्रतियोगिता ध्वज औपचारिक रूप से चतरा जिला पुलिस को सौंपा गया. अब 22वीं उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता की मेजबानी चतरा जिला करेगा. ध्वज हस्तांतरण के साथ ही अगले वर्ष होने वाले खेल महाकुंभ का औपचारिक आगाज भी हो गया.

इस कार्यक्रम में रामगढ़ डीसी ऋतुराज, रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुणायत, हजारीबाग एसपी अमन कुमार, कोडरमा एसपी , डीएसपी, एसडीपीओ, थाना प्रभारी, इंस्पेक्टर एवं बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे. समापन समारोह पुलिस एकता, खेल भावना और भाईचारे का यादगार संदेश देकर संपन्न हुआ.

Conclusion of 21st North Chotanagpur Regional Police Sports Competition held in Ramgarh

Read more

Local News