रांची : रांची सदर अस्पताल में मरीजों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाया गया है। राज्य सरकार ने अस्पताल के नेत्र विभाग के आधुनिकीकरण के लिए 2.50 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मंजूर इस योजना के तहत आधुनिक जांच उपकरण लगाए जाएंगे।
अस्पताल में Comprehensive Eye OPD विकसित करने की योजना है। यहां मरीजों का पंजीकरण, आंखों की जांच और डॉक्टर से परामर्श की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही Refraction और Optometry के लिए भी अलग व्यवस्था तैयार की जाएगी।
कई आधुनिक जांच उपकरण होंगे उपलब्ध
नेत्र विभाग में ग्लूकोमा और मोतियाबिंद जैसी बीमारियों की जांच के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके लिए टोनोमेट्री, पैकीमेट्री, OCT और Automated Visual Field Testing जैसी सुविधाएं स्थापित की जाएंगी। इससे आंखों की गंभीर बीमारियों की पहचान के साथ उनकी निगरानी भी बेहतर तरीके से हो सकेगी।
रेटिना की जांच पर भी जोर
योजना के तहत Digital Fundus Imaging और OCT की सुविधा भी विकसित की जाएगी। इससे रेटिना से जुड़ी समस्याओं की जांच में मदद मिलेगी। खास तौर पर मधुमेह से आंखों पर पड़ने वाले असर और डायबिटिक रेटिनोपैथी की पहचान के लिए यह सुविधा उपयोगी होगी।
सदर अस्पताल में ही मिलेंगी ज्यादा जांच सुविधाएं
आधुनिकीकरण का उद्देश्य नेत्र विभाग को बेहतर जांच केंद्र के रूप में विकसित करना है। इससे मरीजों को आंखों की कई जरूरी जांच के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर या जाने की आवश्यकता कम हो सकती है।
अधिकारियों की निगरानी में होगा काम
योजना के तहत होने वाले कार्यों की प्रगति पर संबंधित अधिकारी नियमित नजर रखेंगे। इसके लिए समय-समय पर स्थल निरीक्षण किया जाएगा और निरीक्षण रिपोर्ट तैयार कर सुरक्षित रखी जाएगी। योजना को लागू करने से पहले आंतरिक वित्तीय सलाहकार की सहमति भी ली गई है।
