रांची: राजधानी रांची में स्कूल क्षेत्रों को जाम और अव्यवस्था से मुक्त कराने के लिए रांची नगर निगम ने मंगलवार को बड़ा अभियान चलाया.
नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने पीपी कंपाउंड मार्ग, गुरुनानक स्कूल रोड और नाला रोड इलाके में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों पर कार्रवाई की. इस अभियान का सबसे बड़ा फोकस स्कूल आने-जाने वाले बच्चों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों को राहत देना रहा.
रांची नगर निगम के अनुसार गुरुनानक स्कूल रोड और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से सड़क किनारे अवैध कब्जे, बेतरतीब पार्किंग और नालियों पर बनाए गए अस्थायी ढांचे लोगों की परेशानी का कारण बने हुए थे. खासकर स्कूल के समय में यहां भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती थी, जिससे छात्रों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था. इसी को देखते हुए निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए सड़क और नालियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया.

अवैध ढांचे को ध्वस्त करती निगम की टीम (ETV Bharat)
इस अभियान के दौरान सड़क किनारे लगी चार गुमटियों, ठेलों और अन्य अवैध सामग्रियों को जब्त किया गया. साथ ही रास्ता बाधित कर रहे वाहनों को हटाया गया और नालियों के ऊपर बनाए गए अवैध शेड एवं अस्थायी संरचनाओं को भी तोड़ा गया. निगम की टीम ने संबंधित लोगों को दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी भी दी.
कार्रवाई के दौरान निगम ने अवैध खटाल संचालन और नालियों में गंदगी डालने वाले संचालक पर 5000 रुपए का जुर्माना लगाया. वहीं सड़क किनारे गंदगी फैलाने वाले एक बाइक रिपेयरिंग दुकान संचालक पर 2000 रुपए का जुर्माना लगाया गया.

अतिक्रमण पर निगम की कार्रवाई (ETV Bharat)
नगर निगम ने साफ कहा है कि स्कूल क्षेत्रों, मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे.

स्कूल क्षेत्रों पर अतिक्रमण पर कार्रवाई (ETV Bharat)
इसको लेकर नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा स्कूल क्षेत्रों में बच्चों की सुरक्षा और सुगम आवाजाही हमारी प्राथमिकता है. अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण छात्रों और अभिभावकों को परेशानी हो रही थी. नगर निगम लगातार ऐसे इलाकों की मॉनिटरिंग कर रहा है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. नागरिकों का सहयोग शहर को व्यवस्थित और स्वच्छ बनाने में बेहद जरूरी है.


