रांचीः राजधानी रांची में बुधवार सुबह झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के बैनर तले बड़ी संख्या में आंदोलनकारी कई मांगों को लेकर सड़कों पर उतर आए. प्रदर्शनकारियों ने अपनी पहचान, सम्मान, पेंशन और अन्य लंबित मुद्दों के समाधान की मांग करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास की ओर कूच करने का प्रयास किया.
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने मुख्यमंत्री आवास और उसके आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है. मोहराबादी मैदान से लेकर मुख्यमंत्री आवास तक आने वाले प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है.
बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी मौजूद
प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को मोहराबादी क्षेत्र में ही रोक दिया, जहां वे अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते रहे. मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी मौजूद हैं.
स्थिति नियंत्रण में है
सुरक्षा व्यवस्था के तहत रैपिड एक्शन पुलिस, जैप, एसआईआरबी और अन्य बलों की कई टुकड़ियां तैनात की गई हैं. साथ ही फायर ब्रिगेड, विशेष वाहन, पानी के टैंकर और आंसू गैस दस्ता भी तैयार रखा गया है. प्रशासन की प्राथमिकता प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने की है. फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और प्रशासन लगातार घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है.


