रांचीः बकरीद पर्व को लेकर रांची पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है. शहर के सभी संवेदनशील स्थानों की निगरानी रखी जा रही है. इसके साथ ही शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त फोर्स की तैनाती भी की गई है.
सुरक्षा के व्यापक प्रबंध
बकरीद के पर्व को देखते हुए रांची पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रांची में व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं. सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि बकरीद के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए हजार से ज्यादा अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं. अतिरिक्त जवानों में अर्धसैनिक बल, जैप, एसटीएफ, जिला बल और होमगार्ड शामिल हैं. अतिरिक्त जवानों की तैनाती का मकसद संवेदनशील इलाकों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और धार्मिक स्थलों पर कड़ी निगरानी रखना है.साथ ही कंट्रोल रूम से 24 घंटे इन इलाकों पर नजर रखी जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी.
थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित की गई
रांची के सिटी एसपी ने बताया कि सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गई हैं. शांति समिति की बैठक में सौहार्दपूर्ण वातावरण में बकरीद मनाने की अपील की गई है. इस दौरान समाज के लोगों को महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी जानकारी दी गई है.
असामाजिक तत्वों की पहचान कर की जाएगी कार्रवाई
राजधानी रांची में असामाजिक तत्वों को चिन्हित किया जा रहा है. ऐसे लोगों की सूची बनाई जा रही है जो सांप्रदायिक कांडों में संलिप्त रहे हैं. ऐसे कांडों में शामिल लोगों पर पुलिस ने थाना स्तर पर क्या कार्रवाई की है, इसके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है. पूर्व में हुई झड़प के दौरान उत्पात में शामिल तत्वों के बारे में भी सभी थानों से जानकारी ली जा रही है.
ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनपर निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है. घटना की वजह और उसकी पृष्टभूमि में शामिल लोगों के बारे में भी जानकारी इकट्ठा की जा रही है. खासकर सोशल मीडिया पर विभिन्न तरह की अफवाह फैलाने वाले लोगों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं.


